रांचीः दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर मंडल के तहत हावड़ा खड़गपुर जंक्शन पर अंदुल और संकरैल स्टेशन के बीच गार्डर लांचिंग का काम होगा. इसके लिए सात घंटे का ट्रैफिक वर्क पावर ब्लॉक लिया जाएगा. इसे लेकर ही 27 फरवरी को ट्रेन संख्या 02896 रांची हावड़ा स्पेशल ट्रेन हावड़ा स्टेशन तक नहीं जाएगी. यह ट्रेन रांची से खुलेगी और टाटानगर रेलवे स्टेशन तक ही जाएगी. जबकि ट्रेन संख्या 02895 हावड़ा रांची स्पेशल ट्रेन हावड़ा स्टेशन की जगह टाटानगर स्टेशन से खुलकर रांची तक आएगी.
रांची रेल मंडल के बालसिरिंग रेलवे स्टेशन पर परिचालन की आधुनिक पद्धति इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग पद्धति लगाने का काम को पूरा कर लिया गया है. बालसिरिंग रेलवे स्टेशन पर नई स्टेशन बिल्डिंग और नए प्रतिक्षालय का भी निर्माण किया गया है. इससे पहले बालसिरिंग स्टेशन पर परिचालन पुरानी पद्धति से किया जाता था. इसमें स्टेशन और स्टेशन के दोनों छोर पर स्थित केबिन के जरिए लीवर फ्रेम द्वारा परिचालन किया जाता था. अब इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग पद्धति द्वारा कंप्यूटर के जरिए ट्रेनों का परिचालन होगा. इस पद्धति के द्वारा ट्रेनों की सुरक्षा और संरक्षा में वृद्धि होगी. तथा ट्रेनों का परिचालन पहले से ज्यादा सुगम होगा.

