-
कोरोना महामारी से बचाव के लिए खर्च किये गये 50 लाख रुपये
रांची: बरसात को लेकर नगर निगम पूरी तरह तैयार है. राजधानी की नालियों की साफ सफाई पूरी कर ली गई है. यह जानकारी सहायक लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. किरण कुमारी ने दी.
उन्होंने बताया कि शहर की नालियों की साफ सफाई लगातार की जा रही है. नालियों की सफाई एक बार हो चुकी है. सफाई का कार्य दोबारा किया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि 3 महीने से लगातार नालियों की सफाई चल रही है. उन्होंने बताया कि वैसे इलाके जहां की साफ-सफाई अभी नहीं हुई है, उसे जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा. साफ-सफाई के काम पर निगम हर महीने एक करोड़ रुपये खर्च कर रहा है.
डॉ किरण ने बताया कि बरसात को लेकर नगर निगम के द्वारा 4 जेसीबी हायर किया गया है. इसे नगर निगम के चार जोन में रखा जाएगा. बरसात में होने वाली परेशानियों में इससे सहयोग लिया जाएगा.
बरसात में पेड़ गिरने और यातायात में बाधा जैसी समस्याओं से निपटने के लिए हर एक जोन में एक-एक टास्क फोर्स की तैनाती की जाएगी, ताकि इस तरह की समस्याओं से आसानी से निपटा जा सके.
साथ ही, उन्होंने बताया कि कोरोना महामारी के समय नगर निगम को 3 महीने में 50 लाख रुपये का अतिरिक्त खर्च हुआ है. इस राशि से शहर के अलग-अलग इलाकों में सैनिटाइजेशन का काम किया गया. महामारी से बचाव के लिए किये गये कई अन्य उपायों पर भी राशि खर्च हुई.

