रांची: विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण को लेकर पुलिस विशेष चौकसी बरत रही है. इसी क्रम में गुरुवार को रांची के नामकुम के तुतीहारा जंगल से पुलिस ने प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी संगठन के भारी मात्रा में विस्पोटक और हथियार जब्त किया है.

एसएसपी अनीश गुप्ता ने बताया कि एक कट्टा, 10 पीस इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर, पांच जेल विस्फोटक, एके 47 की एक गोली, एसएलआर दो गोली और .315 बोर की चार गोली बरामद की गयी है. एसएसपी ने बताया कि बोयदा पाहन और संतोष महतो के दस्ता की सूचना मिली थी, जिसके बाद पूरे इलाके में सर्च अभियान चलाया गया. पुलिस की भनक मिलते ही दस्ते के सदस्य भाग निकले. जबकि हथियार और गोला बारुद बरामद किया गया. टीम में नामकुम पुलिस और झारखंड जगुआर के जवान शामिल थे.

