डीसी रांची छवि रंजन ने नवोन्मेषी प्रोजेक्ट्स के क्रियान्वयन से अवगत कराया
कई नवोन्मेषी प्रोजेक्ट्स यथा ए एनसी किट, मॉडल पी एच सी, मॉडल सी एच सी इत्यादि को प्रभारी पदाधिकारी ने सराहा
मानव संसाधन तथा चिकित्सकों की आवश्यकता पर हुई चर्चा
नए प्रोजेक्ट्स तैयार करने का निदेश
रांची:– आकांक्षी जिला रांची की केन्द्रीय प्रभारी अधिकारी अलका तिवारी ने एनआईसी रांची के कॉन्फ्रेंस हॉल में आकांक्षी जिला की समीक्षा बैठक की. उन्होंने एस्पिरेशनल डिस्ट्रिक्ट रांची की समग्र प्रगति की समीक्षा कर विभिन्न मानकों के बारे में जानकारी प्राप्त किया.
बैठक के दौरान उपायुक्त रांची छवि रंजन ने रांची जिला में किए जा रहे कार्यों के बारे में पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विस्तारपूर्वक जानकारी दी और कई नवोन्मेषी कार्यों के क्रियान्वयन से अवगत भी कराया.विभिन्न मानकों के सुधार हेतु किए जा रहे प्रयासों के बारे में जानकारी दी.
प्रभारी पदाधिकारी अलका तिवारी ने इस तथ्य की सराहना की कि रांची एस्पिरेशनल जिले के तहत समग्र प्रगति में शीर्ष 3 में है. विभिन्न विभागों के संकेतकों (indicators) में 36 प्रतिशत सुधार हुआ है.
बैठक के दौरान स्वास्थ्य संकेतकों की समीक्षा करते हुए, एएनसी किट, मॉडल पीएचसी और मॉडल सीएचसी जैसी परियोजनाओं की सराहना की गई. मानव संसाधन और चिकित्सकों की संख्या बल बढ़ाने पर चर्चा की गई. इस संबंध में केंद्र सरकार को अवगत कराने का आश्वासन दिया गया.
शिक्षा की समीक्षा के दौरान उन्होंने शिक्षको की खाली सीटों को भरने और उन्हें बेहतर शिक्षक छात्र संपर्क के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया.
समीक्षा के दौरान प्रभारी पदाधिकारी मती तिवारी ने कृषि के संकेतकों पर विशेष ध्यान देने के लिए निर्देश दिया ताकि बेहतर नतीजे प्राप्त हो सके.
प्रभारी पदाधिकारी मती तिवारी ने जिला एस्पिरिशनल डिस्ट्रिक्ट की टीम से कहा कि नए प्रोजेक्ट के प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करें ताकि प्रोजेक्ट्स को धरातल पर उतारने हेतु रांची में सीपीएसई को उपयुक्त राशि उपलब्ध कराने हेतु निदेशित किया जा सके.
बैठक के दौरान डीडीसी, एस्पिरेशनल डिस्ट्रिक्ट फेलो और स्वास्थ्य, शिक्षा इत्यादि विभाग के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे.

