कटकः अदालत के आदेश के बाद ओडिशा की एक जेल में दुष्कर्म के आरोपी ने शिकायतकर्ता के साथ विवाह कर लिया है. इस बात की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों ने दी है. चौद्वार क्षेत्र जेल अधीक्षक कुलमणि बेहेरा ने बताया है कि जिले के गुरुदिझटिया इलाके के विचाराधीन कैदी राजेश सिंह (23) ने पॉक्सो अदालत और डीजी (जेल) के आदेशों के बाद जेल परिसर के भीतर दुष्कर्म पीड़िता से विवाह किया है.
अधिकारी ने मामले की पूरी जानकारी देते हुए बताया है कि पीड़िता पिछले महीने 18 साल की हो गई है. बलात्कार के बाद वह पिछले साल गर्भवती हो गई थी और अब वह एक बेटे की मां है. विवाह के पश्चात पीड़िता अपने ससुराल जा चुकी है लेकिन सिंह को फिलहाल जेल में रहना होगा क्योंकि उसके जमानत आवेदन पर अगले महीने फिर सुनवाई होनी है.
जेल अधिकारी ने बताया है कि इससे पहले (आरोपी की) जमानत की याचिका पर सुनवाई करते हुए पॉक्सो अदालत ने कहा था कि इसपर तभी विचार किया जाएगा जब वह महिला से विवाह करेगा. जेल अधिकारियों ने स्थानीय गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) की मदद से कल विवाह की व्यवस्था की थी. विवाह उनके परिवारों के सदस्यों, मित्रों और पॉक्सो अदालत के वकील की उपस्थिति में हुआ था. इसके बाद प्रीतिभोज का भी आयोजन हुआ जिसमें अन्य कैदी भी शामिल हुए थे.

