रांची: झाविमो सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि प्रदेश की रघुवर सरकार ने गरीबों का राशन कार्ड रद्द कर दिया है और बुजुर्गों का पेंशन भी खत्म कर दिया है.
झाविमो सुप्रीमो ने प्रदेश की सरकार पर तीखी आलोचना करते हुए कहा कि यह सरकार पारा टीचर एवं आंगनवाड़ी सेविका सहायिका के ऊपर डंडे बरसाती हैं और इन्हें अब बदलने की जरूरत है.
उन्होंने विश्वास जताया कि झारखंड विकास मोर्चा की सरकार बनते ही पारा शिक्षकों एवं आंगनवाड़ी सेविका सहायिका की समस्याओं का समाधान हो जाएगा.
उन्होंने कहा कि यदि झारखंड विकास मोर्चा की सरकार बनेगी तो प्रदेश को 5 वर्षों के अंदर सिंचित क्षेत्र बना दिया जाएगा ताकि किसान अच्छी खेती कर सकेंगे. इसके अलावा प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था दुरुस्त किया जाएगा.
उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री रघुवर दास ने गांव-गांव में खुले स्कूलों को बंद करा दिया है. झाविमो सुप्रीमो सिमरिया विधानसभा क्षेत्र के लावालोंग प्रखंड मुख्यालय में आज चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे.
इस मौके पर सिमरिया विधानसभा क्षेत्र के झाविमो प्रत्याशी रामदेव सिंह भोक्ता भी मौजूद थे. उन्होंने कहा कि प्रदेश की सरकार ने 5 वर्षों तक गरीब जनता को ठगा है.
उन्होंने बताया कि गरीबों के इलाज की कोई व्यवस्था नहीं है और आयुष्मान कार्ड बनाकर गरीबों को महज परेशान किया जा रहा है.
उन्होंने बताया कि यदि झारखंड विकास मोर्चा की सरकार बनेगी तो हर गांव में स्वास्थ्य की सुविधाएं उपलब्ध होगी और कैंसर एवं अन्य गंभीर बीमारियों के इलाज का खर्च राज्य सरकार वहन करेगी. चुनावी सभा में झारखंड विकास मोर्चा सुप्रीमो रघुवर दास पर तानाशाही रवैया अपनाने का भी आरोप लगाया है.

