मोदी सरकार में कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने शनिवार को देश में आर्थिक मंदी पर दिये गए बयान को वापसे ले लिया है. रविशंकर प्रसाद का कहना है कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि एक संवेदनशील व्यक्ति होने के नाते वो अपना बयान वापस लेते हैं.
उन्होंने कहा, ‘मैंने मुंबई में 3 फिल्मों की एक दिन की कमाई 120 करोड़ बताई थी ये तथ्यात्मक रूप से बिल्कुल ठीक है. मैंने ऐसा इसलिए कहा क्योंकि मैं भारत की फिल्मों की राजधानी मंबई में था. मुझे फिल्म इंडस्ट्री पर गर्व है. यहां से न सिर्फ काफी टैक्स मिलता है बल्कि लाखों लोगों को रोजगार भी मिलता है. सरकार ने आम लोगों के लिए जो कदम उठाए हैं उनकी मैंने विस्तार से जानकारी दी थी. पीएम मोदी की सरकार आम आदमी लोगों के प्रति संवेदनशील है. मेरे बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया, पूरा वीडियो मेरे सोशल मीडिया पर मौजूद है. एक संवेदनशील व्यक्ति होने के नाते मैं उस बयान को वापस लेता हूं.’
रविशंकर प्रसाद अपने बयान की वजह से चौतरफा घिर गए थे। सोशल मीडिया पर उनकी जमकर आलोचना हो रही थी. दरअसल, शनिवार को उन्होंने कहा था कि ‘मेरा फिल्मों से लगाव है. फिल्में बड़ा कारोबार कर रही हैं. 2 अक्टूबर को 3 फिल्में रिलीज हुई हैं. फिल्म उद्योग के विशेषज्ञ ने कहा है कि नैशनल हॉलीडे के दिन 3 फिल्मों ने 120 करोड़ रुपये का कारोबार किया है. अब जब देश में इकॉनमी थोड़ी साउंड है तभी तो 120 करोड़ रुपये का रिटर्न एक दिन में आ रहा है.’

