रांची: पांचवीं विधानसभा के लिए निर्वाचित रविंद्रनाथ महतो को मंगलवार को सर्वसम्मति से विधानसभा अध्यक्ष चुन लिया गया. प्रोटेम स्पीकर स्टीफन मरांडी ने विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने पर बताया कि विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए नाला विधानसभा क्षेत्र से तीसरी बार निर्वाचित रविंद्रनाथ महतो के नाम पर सहमति बनी है.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रविंद्रनाथ महतो के नाम का प्रस्ताव अध्यक्ष पद के लिए रखा था. इसका समर्थन हाजी हुसैन अंसारी ने किया. फिर इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पास कर दिया गया. जानकारी हो कि इस पद के लिए विपक्ष की ओर से कोई उम्मीदवार नहीं दिया गया था.
नाला विधानसभा सीट से लगातार तीसरी बार जीते विधायक रवींद्रनाथ महतो राज्य के आठवें स्पीकर बनें. झामुमो कोटे से स्पीकर बनने वाले वे दूसरे विधायक हैं. इससे पहले झामुमो नेता शशांक शेखर भोक्ता भी स्पीकर रह चुके हैं.

