नई दिल्ली:- दक्षिण कश्मीर में हिमालय स्थित अमरनाथ गुफा तीर्थस्थल के लिए वार्षिक तीर्थयात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन 1 अप्रैल से शुरू होने जा रहा है. एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी. यह गुफा मंदिर 3880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है, जिसके लिए 56 दिवसीय यात्रा पहलगाम और बालटाल मार्गों से 28 जून को शुरू होगी और 22 अगस्त को खत्म होगी.
इस महीने की शुरुआत में आयोजित एक बैठक में अधिकारियों ने कहा था कि सभी कोविड-19 प्रोटोकॉल लागू हैं और सरकार द्वारा जारी मानक संचालन प्रक्रियाओं का पालन किया जाएगा.
अमरनाथजी श्राइन बोर्ड (एसएएसबी) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नीतीश्वर कुमार ने कहा, ”दोनों रूट के लिए रजिस्ट्रेशन पूरे देश में 446 निर्दिष्ट बैंक शाखाओं के माध्यम से 1 अप्रैल से शुरू होगा, जिसमें पंजाब नेशनल बैंक (316), जम्मू कश्मीर बैंक (90) और यस बैंक (40) की शाखा शामिल हैं.” उन्होंने कहा कि रजिस्ट्रेशन के लिए प्रक्रिया के बारे में विवरण, आवेदन पत्र और बैंक की शाखाओं की राज्यवार सूची पूरे पते के साथ बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध है.
रजिस्ट्रेशन करने के लिए जिन कदमों का पालन करना होगा, उनके बारे में जानकारी बोर्ड की वेबसाइट पर डाल दी गई है.” उन्होंने कहा कि इसमें आधार शिविरों तक पहुंचने की प्रासंगिक जानकारी, पंजीकरण के लिए शुल्क, टट्टू, पालकी और पोर्टर्स के लिए शुल्क भी शामिल हैं.
इसके साथ उन्होंने कहा कि 13 साल से कम या 75 साल से अधिक आयु के लोग और छह सप्ताह से अधिक गर्भवती महिलाओं को इस साल की यात्रा के लिए कोविड-19 मानदंडों के अनुसार पंजीकृत नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि यात्रा के लिए सप्ताह के प्रत्येक दिन और मार्गों के लिए परमिट अलग-अलग होंगे. जो तीर्थयात्री हेलीकॉप्टर से यात्रा करना चाहते हैं, उन्हें अग्रिम पंजीकरण की आवश्यकता नहीं होगी क्योंकि इसके लिए उनका टिकट पर्याप्त होगा. हालांकि, उन्हें एक अधिकृत चिकित्सक द्वारा जारी अनिवार्य स्वास्थ्य प्रमाण पत्र प्राप्त करना जरूरी होगा.

