मुजफ्फरपुर: सेना की महिला मिलिट्री पुलिस बहाली की प्रक्रिया शुरू हो गई है. 31 अगस्त की मध्य रात्री तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किया जाएगा. इसके लिए सेना ने अधिसूचना जारी की है. यह बहाली देश के छह केंद्रों पर होगी. शारीरिक दक्षता और मेडिकल की जांच के बाद लिखित परीक्षा होगी. इसमें सफल अभ्यर्थी ही चयन प्रक्रिया के अगले पड़ाव तक पहुंचेंगे. संभावना है कि सितंबर में इसके लिए शारीरिक दक्षता की जांच प्रक्रिया होगी.
अधिसूचना के अनुसार, साढ़े 17 से लेकर 21 वर्ष की लड़कियां महिला मिलिट्री पुलिस में शामिल हो सकती हैं. 10वीं में 45 फीसदी अंक अनिवार्य है. यह रैली अंबाला, लखनऊ, पुणे, जबलपुर, बंगलुर व शिलांग में आयोजित होगी. रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया बंद होने के बाद अभ्यर्थियों के ई-मेल पर एडमिट कार्ड भेजा जाएगा. इस संबंध में मोबाइल पर मैसेज भी मिलेगा. अभ्यर्थी के अवासीय पते के हिसाब से रैली केंद्र तय किया जाएगा.
अभ्यर्थी के पास ई-मेल आईडी होना अनिवार्य
अधिसूचना के अनुसार, महिला मिलिट्री पुलिस के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थी के पास ई-मेल आईडी होना अनिवार्य है. इसकी ई-मेल पर बहाली से संबंधित पत्राचार सेना की ओर से किया जाएगा. इसके अलावा अभ्यर्थी जो मोबाइल नंबर अपने आवेदन में रजिस्ट्रेशन के वक्त देंगे. उक्त नंबर भी बहाली पूरी होने तक रखना होगा. उक्त नंबर पर भी ई-मेल के बाद बहाली संबंधित जानकारियां सेना की ओर से दी जाएगी.
मोतिहारी की चयनित दो लड़कियां ले रहीं प्रशिक्षण
एआरओ मुजफ्फरपुर के अधीन मोतिहारी जिले की दो लड़की महिला मिलिट्री पुलिस के लिए चयनित हुई थीं. फिलहाल दोनों प्रशिक्षण ले रही हैं. इन दोनों लड़कियों ने मध्य प्रदेश के जबलपुर में आयोजित रैली में हिस्सा लिया था. सेना की मिलिट्री पुलिस में लड़कियों की भर्ती गत वर्ष से शुरू की गई है.

