रांची: श्याम परिवार के श्याम निशान अमृत महोत्सव में रविवार को दिन भर धार्मिक अनुष्ठान हुए. महोत्सव के तीसरे दिन मेन रोड के श्री दुर्गा बाटी श्याम हवेली में रजत सिंहासन पर खाटू नरेश विराजमान हुए. रंग-बिरंगे फूलों से सजे मंदिर में श्री श्याम प्रभु की नयनाभिराम झांकी सजायी गयी. सुबह 6 बजे गणेश पूजन, अखंड ज्योत के साथ महोत्सव आरंभ हुआ. दिन में खाटू नरेश को छप्पन, सवामनि भोग, खीर-चूरमा चढ़ाया गया. संस्था के सुरेश बजाज के नेतृत्व में पारम्परिक वेशभूषा में 501 सुहागिनों ने सस्वर सुंदर कांड पाठ किया.
श्री श्याम हवेली में दिन के 1 बजे से भजन संकीर्तन आरंभ हुआ. इसमें श्री हनुमान मंडल, श्री श्याम परिवार और श्री श्याम अरदास कीर्तन परिवार(रामगढ़) और बाहर से आए भजन गायकों में कोलकता की लता राजपूत, श्याम लाडले सौरभ शर्मा और धमाल किंग अरबिंद सहल ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति दी.
कोलकाता से आए म्यूजिकल ग्रुप के कलाकारों ने अपने संगीत संयोजन से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया. कलाकारों ने म्हारा श्याम रंगीला, होली खेलेंगे आपा गिरधर गोपाल से, खाटू को श्याम रंगीलौ, खाटु के बाबा श्यामजी मेरी राखोगे लाज, अब तू ही बता भगवन,आजा मेरे कन्हैया,देखूं जिधर उधर ही मेरे श्याम का नजारा, श्याम बाबा श्याम बाबा दया करो, विश्वास जरूरी है, एक तेरा भरोसा है, एक तेरा सहारा है आदि समेत दर्जनों भजन प्रस्तुत किए.
श्री श्याम प्रभु संग फूलों की होली मुख्य आकर्षण रही. कार्यक्रम के बीच में भक्तों ने रंग-बिरंगे फूलों से होली खेली. पारम्परिक राजस्थानी होली गीत के साथ श्रद्धालुओं ने श्याम बाबा के दरबार में घूमर किया. इस मौके पर कलाकारों ने पारम्परिक धार्मिक होली गीत की प्रस्तुति दी.
रात में 51 विवाहित जोड़ों द्वारा महाआरती के साथ महोत्सव का समापन हुआ. तीन दिनी महोत्सव के आयोजन में श्री श्याम परिवार के अध्यक्ष अध्यक्ष श्रवण जालान, महोत्सव संयोजक नीरू तोदी, मंत्री मंटू जालान, प्रचार मंत्री किशन गोयल, कमल जालान, राहुल अग्रवाल, नरेंद्र माटोलिया,जगदीश माटोलिया, गोपाल चांगल, मोनू शर्मा, महेश सेन, पवन शर्मा, अन्नू शर्मा, पवन लोहिया, रजत जालान, विमल झुनझुनवाला, संजय खेतान, राजेश शर्मा, गुड्डू सिंघानिया, पीयूष जालान, संजय तुलस्यान, पवन जालान समेत बड़ी संख्या में श्याम भक्तों की उल्लेखनीय भागीदारी रही.

