रांची: रांची के रिम्स में 4 जून को एक 59 वर्षीय कोरोना संक्रमित मरीज की मौत हो गयी थी. जिसके बाद रिम्स के न्यूरो सर्जरी वार्ड में कार्यरत चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों के बीच संक्रमण फैलने की आशंका उत्पन्न हो गयी थी, लेकिन कोरोना जांच के बाद सभी की रिपोर्ट निगेटिव आने से रिम्स प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार रिम्स के न्यूरो सर्जरी वार्ड में 4 जून को 59 वर्षीय कोरोना संक्रमित व्यक्ति की मौत के बाद पूरे वार्ड के संक्रमित होने की आशंका उत्पन्न हो गयी थी. वार्ड में 25 डॉक्टर, नर्स और स्टाफ सहित 14 मरीज भी उस संक्रमित मरीज के संपर्क में आए थे. इन 39 लोगों ने 6 जून को जांच के लिए अपना सैंपल दिया था. सभी लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई.
रिम्स के न्यूरो वार्ड के इंचार्ज डॉ अनिल कुमार ने बताया कि रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद सभी लोग राहत महसूस कर रहे हैं. आईसीयू वार्ड भी पूरी तरह से सैनिटाइज हो गया है. आज से सुचारू रूप से न्यूरो आईसीयू वार्ड शुरू होगा. सभी मरीजों को आईसीयू वार्ड में शिफ्ट किया जाएगा. वार्ड के संक्रमित हो जाने से आईसीयू के सभी मरीजों को कुछ दिनों के लिए दूसरे वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया था.

