किसानों और मजदूरों ने रखा उपवास
रांची:- रांची मे महात्मा गांधी के 73 वें बलिदान दिवस पर वाम – धर्मनिरपेक्ष पार्टियों, विभिन्न जनसंगठनों, ट्रेड युनियनो और बड़ी संख्या मे जुटे बुद्धिजीवियों ने मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका मे एकत्रित होकर महात्मा गांधी को याद करते हुए उपवास रखा और उन्हे श्रद्धांजलि दी.
इस मौके पर वहां आयोजित संकल्प सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि आज देश मे दो बिचारधाराऐं आमने सामने खड़ी है एक विचारधारा सृजन की है और दुसरी विनाश की. यहां एक्टठा हुए लोग पहली विचारधारा के यानि सृजन के पक्षधर हैं और देश मे लोकतंत्र, समानता और हमारे अतीत की जो प्रगतिशील परंपरा है उसके वाहक हैं. महात्मा गांधी इसी परंपरा के नायक और मार्ग दर्शक थे. जिनकी हत्या नाथूराम गोडसे जो विनाश और ध्वंस की विचारधारा का पोषक था के द्वारा आज से 73 साल पहले की गई थी. लेकिन गांधी जी की हत्या करने से उनके विचार खत्म नही किए जा सके बल्कि आज देश मे चल रहे किसान आंदोलन को आगे बढ़ाने में यही विचार प्रकाश स्तम्भ का काम कर रहा है.
संकल्प सभा से एक प्रस्ताव पारित कर अडाणी, अंबानी के उत्पादों का वहिष्कार करने, जियो सिम और रिलायंस पेट्रोल पंप का बायकाट तथा जी न्युज और रिपब्लिक भारत जैसे गैर जिम्मेदार और झुठी खबरें देने वाले समाचार चैनलों वाले पैकेज से दूरी बनाने और रिलायंस के आन लाइन स्टोर्स से खरीदारी बंद करने के लिए व्यापक अभियान चलाए जाने के लिए किसान – मजदूर आंदोलन के साथ एकजुटता मंच गठित करने का एलान किया गया. इस मंच को व्यापक और राज्यस्तरीय स्वरूप दिए जाने के लिए आगामी 3 फरवरी को अपराह्न 2 बजे से रांची में एक नागरिक कंवेशन आयोजित किया जायेगा. इस कंवेशन के माध्यम से किसानों के आंदोलन के साथ एकजुटता कार्यक्रम के एक लंबे अभियान की घोषणा की जाएगी.
इस कंवेशन में वाम-धर्मनिरपेक्ष पार्टियों , सामाजिक संगठनों, जनसंगठनों , ट्रेड यूनियनों, लेखकों, संस्कृतिकर्मियों और छात्र – युवा और महिलाओं के जनसंगठनों को आमंत्रित किया जा रहा है.
आज के संकल्प सभा की अध्यक्षता राजेश यादव ने की सभा को राजद के प्रदेश अध्यक्ष अभय सिंह, माले के राज्य सचिव जनार्दन प्रसाद, माकपा के प्रकाश विप्लव, सुरजीत सिन्हा, सुखनाथ लोहरा, सीपीआई के अजय सिंह, भाकपा माले के भुवनेश्वर केवट,समाजवादी पार्टी के मनोहर यादव, आदिवासी अधिकार मंच के प्रफुल्ल लिंडा, डीवाइएफआई के सुरेश मुंडा, एडवा की वीणा लिंडा, एपवा की नंदिता, सामाजिक कार्यकर्ता दयामनी बारला, फिल्मकार मेघनाथ वरिष्ठ पत्रकार विनोद कुमार, अशोक वर्मा, निवास जी, कुमार विनोद समेत दर्जनों व्यक्तियों ने संबोधित किया.

