शशि भूषण दूबे कंचनीय
प्रयागराज: फाफामउ इलाके में बुधवार आधी रात सडक हादसे में दंपती जख्मी हो गए. गुरुवार दोपहर इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. दंपती के मौत की खबर घर पहुंची तो कोहराम मच गया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
अज्ञात वाहन ने बाइक में मारी थी टक्कर
जार्जटाउन थानाक्षेत्र के हासिमपुर रोड निवासी राजू भारतीय (43) ई रिक्शा चालक था. बुधवार को वह पत्नी बीना देवी (40) के साथ बाइक से बहरिया में एक रिश्तेदार के यहां गया था. देर रात पत्नी के साथ बाइक से घर लौट रहा था. गंगा पुल के पास अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि पति- पत्नी बाइक से छिटकर दूर सड़क पर जा गिरे.
हादसे में दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए. सूचना पर पहुंची पुलिस ने जख्मी दंपती को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया. जहां इलाज के दौरान दोनों ने गुरुवार दोपहर दम तोड़ दिया. दंपती की मौत से दो बेटियों रानी, काजल और बेटे हिमांशु की आंखों से आंसू थम नहीं रहे.

