मध्य प्रदेश: मध्य प्रदेश के रीवा में एक गैर सरकारी संगठन द्वारा संचालित आंचल शिशु केंद्र में बच्चों के यौन शोषण का एक मामला सामने आया है. अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि एनजीओ निवेदिता कल्याण समिति द्वारा संचालित आंचल शिशु केंद्र से छह साल से कम उम्र के एक लड़की और एक लड़के को गोद लेने वाले एक अमेरिकी दंपती ने इस संबंध में एक शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने बताया कि शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने केंद्र बंद करते हुए इस मामले की जांच शुरू कर दी है.
जिला कलेक्टर ओम प्रकाश श्रीवास्तव ने बुधवार को बताया कि कैलिफोर्निया में रहने वाले अमेरिकी दंपती ने दावा किया है कि अमेरिका में काउंसलिंग के दौरान गोद लिए गए दोनों बच्चों ने खुलासा किया है कि रीवा के शिशु केंद्र में उनका यौन शोषण किया गया. उन्होंने बताया कि इस केंद्र को मंगलवार को बंद कर दिया गया और इसका पंजीकरण रद्द कर दिया गया है. जिला प्रशासन के निर्देश पर शिशु गृह में रह रहे सभी बच्चों को रीवा से लगभग 60 किलोमीटर दूर सतना के एक अन्य केंद्र में भेज दिया गया है.
रीवा के पुलिस अधीक्षक आबिद खान ने बताया कि हम विभिन्न पहलुओं से शिकायत की जांच कर रहे हैं. प्रारंभिक जांच में पाया गया कि इन बच्चों के साथ दुव्यर्वहार हुआ था. हम आरोपी की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं. इस बीच, निवेदिता कल्याण समिति के अधिकारी अरुणेंद्र सिंह ने आरोपों से इनकार करते हुए बुधवार को बताया कि ‘सभी आरोप बेबुनियाद और झूठे हैं. हम इस मामले की जांच में एजेंसियों के साथ सहयोग करेंगे.’

