अशोकनगर: राज्य शासन द्वारा कोरोना वायरस कोविड 19 की समीक्षा हेतु अशोकनगर जिले के लिए नियुक्त प्रभारी सचिव एवं खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के प्रमुख सचिव शिवशेखर शुक्ला ने शुक्रवार को जिले में कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने, प्रभावित मरीजो के इलाज हेतु किए गए प्रबंधो के अलावा चिन्हित कोरोना पॉजिटिव मरीजो के कांटेक्ट ट्रेसिंग, कंटेनमेंट जोन तथा इन्सीडेंट कमांडर के दायरे की बिन्दुवार समीक्षा की.
प्रभारी सचिव शिवशेखर शुक्ला ने कहा कि जिले में कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए. सार्थक एप का अधिक से अधिक प्रयोग हो इस हेतु आमजन एवं मेडिकल संचालकों सहित अधिकारियों डाउनलोड कराया जाए.
उन्होंने बगैर मास्क के सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी प्रकार की आवाजाही न हो के पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित किए जाए. उन्होंने मानव जीवन की सुरक्षा के लिए सोशल डिस्टेंसिंग पर बल देते हुए कहा कि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें तथा मास्क का उपयोग अनिवार्य रूप से करें.
उन्होंने कंटेनमेंट एरिया में आंतरिक सुरक्षा पर विशेष बल देते हुए कहा कि कंटेनमेंट एरिया के रहवासी भ्रमण कर आपस में सम्पर्क न करें. उन्होंने मरीजों की कॉन्टेक्ट सूची के तहत पारिवारिक सम्पर्को की जो छानबीन की जाए. बाह्य सम्पर्क की भी सूची संधारित कर छानबीन के दायरे को बढाया जाए.
कलेक्टर अभय वर्मा ने प्रभारी सचिव को कोविड-19 के तहत जिले में की गई व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी. साथ ही कोविड केयर सेन्टर में बुनियादी सुविधाओं के अंतर्गत किए गए प्रबंधों पर प्रकाश डाला.
जिले में कोरोना वायरस संक्रमण के प्रभाव को कम करने के लिए की गई व्यवस्थाओं से अवगत कराया है. कलेक्टर द्वारा जिले में अब तक चिन्हित कोरोना पॉजिटिव की केस हिस्ट्री के संबंध में भी जानकारी दी.

