मध्य प्रदेश: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से मध्य प्रदेश के रीवा में शुक्रवार को किए गए सोलर प्लांट के उद्घाटन पर कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार ने सवाल उठाया है. बता दें, प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये रीवा में एशिया के सबसे बड़े 750 मेगावॉट के सोलर प्लांट का उद्घाटन किया.
इस उद्घाटन पर कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार ने एक ट्वीट में लिखा, बीजेपी की केंद्र सरकार दावा कर रही है कि रीवा में एशिया के सबसे बड़े 750 मेगावॉट के सोलर प्लांट का उद्घाटन किया गया है.
फिर कर्नाटक के पावगडा में उस 2 हजार मेगावॉट के सोलर प्लांट के बारे में क्या कहें जिसे कांग्रेस की कर्नाटक सरकार ने 3 साल में बनाया था और 2018 से वह काम भी कर रहा है.
बता दें, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को मध्य प्रदेश के रीवा स्थित सबसे बड़े सौर प्लांट का उद्घाटन किया. ये एशिया का सबसे बड़ा प्लांट है, जिसकी पीएम मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शुरुआत की.
यहां अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि रीवा ने इतिहास रच दिया है. जब हम इस प्लांट का वीडियो आसमान से देखते हैं, तो लगता है हजारों सोलर पैनल फसल बनकर लहरा रहे हों.
रीवा का सोलर प्लांट इस पूरे क्षेत्र को ऊर्जा का केंद्र बनाएगा, इससे मध्य प्रदेश के लोगों को लाभ मिलेगा और दिल्ली में मेट्रो को भी बिजली मिलेगी.

