मेदिनीनगर:- सूचना भवन, पलामू में आज जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग एवं जिला प्रशासन के सौजन्य से एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया गया. सेमिनार का विषय पत्रकारिता जनसरोकार एवं सूचना का अधिकार था. सेमिनार का उद्घाटन उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी शशि रंजन, उप विकास आयुक्त शेखर जमुआर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी शशि रंजन ने बताया कि सूचना का अधिकार और पत्रकारिता ने एक दूसरे को पूरक के रूप में अंगीकार कर लिया है. उपायुक्त ने कहा कि पत्रकारिता और सूचना का अधिकार एक साथ आये तो जन सरोकार के मामले ज्यादा प्रकाश में आये. जरूरत यह है कि सूचना के अधिकार का उपयोग जन कल्याणकारी कार्यों के लिए किया जाए. उन्होंने कहा कि सूचना के अधिकार के आ जाने से मामलों में पारदर्शिता आई है. जिला प्रशासन हर तरह का सूचना देने के लिए हमेशा तत्पर रहता है. उन्होंने मीडिया से अपील की और कहा कि जितने भी जन सरोकार के मामले हैं जो पूरी तरीके से जन कल्याण से जुड़े हैं इसकी सूचना अपनी खबर अथवा आर्टिकल के माध्यम से हम तक पहुंचाएं.
मौके पर मौजूद उप विकास आयुक्त ने बताया कि पत्रकारिता हमारे जीवन का एक अहम हिस्सा है. प्रतिदिन हमें सुबह अखबार तथा इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की जरूरत रहती है. जिला प्रशासन वैसे हर खबर को अहम मानता है जो जन सरोकार के कार्यों से जुड़ी रहती हैं. मीडिया और जिला प्रशासन समन्वय बनाकर कार्य करें तो निश्चित थी पलामू जिले का विकास संभव होगा.
मौके पर पत्रकार तौहिद रब्बानी ने कहा कि समय के साथ-साथ पत्रकारिता में भी काफी बदलाव आया है. पत्रकार का एक कार्य योजनाओं को धरातल तक पूरी ईमानदारी से पहुंचाने का भी है. उन्होंने कहा कि हमें अपने समाज को बदनामी से बचाना भी है और उसके उत्थान के लिए कार्य भी करते रहना है. पत्रकार सतीश सुमन ने कहा कि पत्रकारिता का एक उद्देश्य मनोरंजन का भी होता है. सूचना का अधिकार इस देश को कानून के रूप में मिला तो सूचना तक पहुंचना एक बहुत ही आसान प्रक्रिया हो गई है. आम जनता भी उस सूचना तक पहुंच पा रही है. जन की बात को सहजता से प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य मीडिया का होता है.
सेमिनार के दौरान जिला जनसंपर्क पदाधिकारी- सह- उप निदेशक पलामू ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से सूचना का अधिकार के बारे में विस्तार पूर्वक बताया.
सेमिनार में उपायुक्त-सह- जिला दंडाधिकारी शशि रंजन के अलावा उप विकास आयुक्त श्री शेखर जमुआर, उप निर्वाचन पदाधिकारी शैलेश कुमार सिंह, जिला योजना पदाधिकारी शाहिद अहमद, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी नीता चौहान, जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी श्री रणवीर सिंह सहित सभी मीडिया के गणमान्य प्रतिनिधि मौजूद थे.

