मुंबई: बॉलीवुड स्टार सुशांत सिंह राजपूत सुसाइड मामले की जांच CBI करे इसके लिए रोजाना आवाज उठ रही है. फिलहाल पूरे मामले की जांच मुंबई पुलिस कर रही है.
हाल ही में पुलिस ने उनकी रूमर्ड गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती से भी पूछातछ की थी. वही अब रिया ने सुशांत को लेकर इंस्टाग्राम पर एक इमोशनल पोस्ट लिखा है. रिया ने सुशांत को याद करते हुए लिखा;
”अभी भी मैं अपनी भावनाओं को काबू में करने के लिए संघर्ष कर रही हूं. मेरे दिल में एक अपूरणीय सुन्नता है. तुम ही वो हो जिसने मुझे प्यार और उसकी ताकत पर विश्वास दिलाया.
तुमने मुझे सिखाया कि कैसे एक सरल गणितीय समीकरण जीवन के अर्थ को समझा सकता है और मैंने तुमसे हर दिन सीखा है. मैं कभी भी इस चीज को नहीं मान सकूंगी कि अब तुम यहां पर नहीं हो.
मुझे पता है कि तुम अब और ज्यादा बेहतर और शांतिपूर्ण जगह पर हो. चांद, सितारे, गैलेक्सी सभी ने खुले हाथों से एक भौतिकशास्त्री का स्वागत किया होगा.
सहानुभूति और आनंद से भरा, अब तुम शूटिंग स्टार को चमका सकते हो. तुम खुद एक सितारा बन गए हो. मैं अब अपने टूटते हुए उस तारे का इंतजार करूंगी और ये मागूंगी की तुम मेरे पास फिर से आ जाएं.
तुम एक अच्छे व्यक्तित्व के इंसान थे, जिसे पूरी दुनिया ने देखा. मैं हमारे प्यार को बयां करने में असमर्थ हूं. तुम भी इस बात को कहते थे कि हम दोनों का प्यार एकदम अलग है.
तुमने हर चीज से खुले दिल से प्यार किया और अब तुमने ये भी दिखा दिया कि हमारा प्यार एक मिसाल है. शांति में रहो सुशी, आपको खोए हुए 30 दिन हो गए हैं लेकिन जिंदगी भर आपको प्यार करूंगी.”
बता दें, 34 साल के सुशांत सिंह राजपूत ने 14 जून को अपने मुंबई के बांद्रा स्थित घर पर कथित तौर पर खुदकुशी कर ली थी. वो पंखे से लटके पाए गए थे. उनकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कहा गया था कि उनकी मौत एस्फिक्सिया (दम घुटने की वजह) के कारण हुई है.
हालांकि, राजनीतिक नेताओं और उनके प्रशंसकों ने विरोध प्रदर्शन किया और जांच की मांग की. भाजपा सांसद रूपा गांगुली और सुब्रमण्यम स्वामी ने भी इस पूरे मामले की जांच CBI से कराने की मांग की है.
कई लोगों के बयान दर्ज
इस बीच, मुंबई पुलिस ने अभिनेता की मौत की जांच शुरू कर दी है और रिया चक्रवर्ती, फिल्म निर्माता संजय लीला भंसाली, महेश शेट्टी और टैलेंट मैनेजर प्रबंधक रेशमा शेट्टी जैसे कई बॉलीवुड हस्तियों के बयान दर्ज किए हैं.

