मुंबई: सुशांत केस में मनी लॉन्ड्रिंग की जांच कर रही ED से रिया के वकील ने अपील की है. रिया के वकील ने कहा है कि जब तक SC में केस है, तब तक पूछताछ ना की जाए. साथ ही उन्होंने कहा है कि अभी रिया के बयान दर्ज नहीं किए जाएं. सूत्रों ने बताया कि रिया को आज ईडी के सामने पेश होना था, लेकिन अब वह पेश नहीं होंगी.
दरअसल, सुशांत की पूर्व गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती को ईडी ने मनी लॉड्रिंग केस में आज मुंबई दफ्तर में पेश होने को कहा है. ईडी सुशांत के खातों से होने वाले लेनदेन और सुशांत-रिया की कंपनियों के बारे में रिया से पूछताछ करने वाली है. ईडी रिया के करीबी सैम्युल मिरांडा और उसके सीए रितेश का बयान भी दर्ज कर चुकी है. सैम्युल मिरांडा से ED दो बार पूछताछ कर चुकी है. मिराडा से कल भी ED ने 9 घंटे तक पूछताछ की थी. सुशांत के पिता ने आरोप लगाया था कि सुशांत के खातों से तकरीबन 15 करोड़ रुपए गायब हो गए थे. इस मामले को लेकर ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया था.
सीबीआई ने 7 लोगों पर की एफआईआर
सुशांत सिंह सुसाइड मामले में सीबीआई ने केस अपने हाथ में लेते हुए 7 लोगों पर FIR दर्ज की है. इसमें मुख्य नाम रिया चक्रवर्ती का हैं. इंद्रजीत चक्रवर्ती, भाई शॉविक चक्रवर्ती, मां संध्या चक्रवर्ती, सैम्युल मिरांडा और श्रुति मोदी के साथ एक अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज हुआ है. सीबीआई की दिल्ली टीम जल्द ही मुंबई पहुंचकर सीबीआई की मुंबई यूनिट को लॉजिस्टिकल स्पोर्ट मुहैया कराएगी, एडिशनल SP अनिल यादव को इस मामले की जांच के लिए इंवेस्टिगेटिंग ऑफिसर बनाया गया है.
बिहार पुलिस के हाथ लगे सबूत
इधर बिहार पुलिस भी मामले की जांच कर मुंबई से पटना लौट चुकी है. मुंबई से वापस लौटी टीम ने अपनी जांच रिपोर्ट पटना के एसएसपी को सौंप दिया. रिपोर्ट में छानबीन के बारे में जानकारी दी गई है. खासकर रिया चक्रवर्ती और उसके परिवार वालो के बारे में भी रिपोर्ट दी गई है. रिया से सुशांत सिंह राजपूत परेशान था, सुशांत के परिवार ने जो आरोप लगाये थे और जिसके आधार पर एफआईआर दर्ज की गई थी. उसके आनुसार उनके सभी आरोपों में दम था. सुशांत के परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि रिया सुशांत को परिवार से दूर रखना चाहती थी. बिहार पुलिस की जांच टीम का दावा है कि जो सबूत उन्हें चाहिए था, वो पूरी तरह से मुकम्मल है. काफी सारे ठोस सबूत उनके हाथ लगे हैं, जिसके आधार पर वो आगे की कार्रवाई करेंगे और सीबीआई की पूरी मदद करेंगे.

