पटना: सुशांत सिंह राजपूत की मौत मामले में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने मंगलवार को एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती को गिरफ्तार कर लिया है. नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने ड्रग्स एंगल से जांच करते हुए एक्ट्रेस की गिरफ्तारी की है.
रिया के ड्रग्स लेने के बात कबूल करने के बाद अधिकारियों ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया. हालांकि, कागजी कार्रवाई अभी भी चल रही है. रिया को गिरफ्तार करने के बाद अब उनका मेडिकल टेस्ट और कोरोना टेस्ट कराया जा रहा है.
रिया चक्रवर्ती पर ड्रग्स लेने समेत तमाम गंभीर आरोप थे, जिस मामले में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो लगातार उनसे सवाल-जवाब कर रही थी. वहीं रिया की गिरफ्तारी पर बिहार के डीजीपी गुप्तेश्वर पांडे ने कहा कि यह सुशांत को न्याय दिलाने की तरफ पहला कदम है.
उन्होंने कहा कि सबूत मिलने के बाद ही रिया की गिरफ्तारी हुई है. रिया अब पूरी तरह एक्सपोज हो गईं हैं कि उनका ड्रग्स माफिया के साथ संपर्क था.

