बिहार: अररिया जिले के जोकीहाट विधानसभा क्षेत्र से राजद विधायक शाहनवाज आलम के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है. जिला स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों ने बताया कि बुधवार को विधायक के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि होने के बाद उन्हें कुसियार गांव स्थित एक पृथकवास वार्ड में रखा गया है.
विधायक ने बताया कि मंगलवार को वह खुद जांच कराने पहुंचे थे. उल्लेखनीय है कि 30 जून को बिहार के औरंगाबाद विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक आनंद शंकर सिंह कोरोना वायरस संक्रमित पाए गए थे. सिंह औरंगाबाद के सत्येंद्रनगर स्थित अपने आवास में ही पृथकवास में हैं.
इससे पहले 28 जून को बिहार के पिछड़ा एवं अति पिछड़ा कल्याण मंत्री विनोद कुमार सिंह और उनकी पत्नी के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी.
बिहार के कटिहार जिला के प्राणपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक विनोद कुमार सिंह और उनकी पत्नी को कटिहार के एक निजी होटल में बनाए गए पृथकवास वार्ड में रखा गया है.

