रांची: झारखंड के रिम्स में भर्ती राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की हालत स्थिर बतायी जा रही है. कल शाम उन्हें सांस लेने में तकलीफ की खबरें आई थीं.
रिम्स के निदेशक डॉक्टर कामेश्वर प्रसाद ने कहा कि लालू की हालत स्थिर है, उनके फेफड़ों में कोई संक्रमण है. लालू को एंटी-बायोटिक दवाएं देना शुरू कर दिया गया है. उनकी एक्स-रे और अन्य जांचें करा ली गई हैं. कोविड-19 के लिए उनका एंटीजन टेस्ट निगेटिव आया है.जबकि RT-PCR टेस्ट रिपोर्ट का इंतजार है.
जेल आईजी बृजेंद्र भूषण ने कहा कि लालू अपने कमरे में आराम से बोल बैठ पा रहे हैं. यदि उन्हें ज्यादा बेहतर इलाज के लिए एम्स भेजने की जरूरत पड़ी तो भेज दिया जाएगा. रिम्स के डॉक्टर, एम्स के डॉक्टरों के साथ संपर्क में हैं.
लालू का स्वास्थ्य बिगड़ने की खबरों से चिंतित उनके समर्थक, पार्टी कार्यकर्ता इत्यादि रिम्स पहुंच गए. कल देर रात तक वे लालू की सेहत का हाल जानने के लिए रिम्स के परिसर में ही रुके रहे.
बहुचर्चित चारा घोटाला मामले में जेल की सजा काट रहे लालू प्रसाद यादव के खिलाफ जेल मैनुअल उल्लंघन से जुड़े मामले में शुक्रवार 22 जनवरी 2021 को झारखंड हाई कोर्ट में सुनवाई होनी थी. इस मामले में महीने की शुरुआत में 8 जनवरी को झारखंड हाईकोर्ट ने सुनवाई की थी.
उस वक्त कोर्ट ने लालू प्रसाद यादव को पेइंग वार्ड से केली बंगले और केली बंगले से पेइंग वार्ड शिफ्ट किए जाने को लेकर सवाल किया था, पूछा था कि ऐसा किसके कहने पर किया गया. कोर्ट ने लालू को सेवादार दिए जाने को लेकर भी राज्य सरकार से जवाब मांगा था.

