रांची: चारा घोटाले मामले में सजायाफ्ता राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की तबीयत बिगड़ गई है. शनिवार का दिन मुलाकातिओं का होता है, पर तीन लोगों से मिलने की अनुमति के बावजूद उन्होंने किसी से मुलाकात नहीं की थी. उनका क्रिएटिनिन और शुगर लेवल बढ़ गया है, जिससे उनकी तबियत बिगड़ गई है.
रांची में सजा काट रहे लालू यादव रिम्स के केली बंगला में इलाजरत हैं. उनका क्रिएटिनिन लेवल बढ़ता ही जा रहा है. अगले कुछ दिनों तक ऐसी स्थिति रही तो उन्हें डायलिसिस पर भेजा जा सकता है.
उनके स्वास्थ्य की देखरेख में लगे डॉक्टर उमेश प्रसाद ने बताया अगर स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो उन्हें डायलिसिस की जरुरत पड़ सकती है. लालू प्रसाद यादव की 25 फीसदी ही किडनी काम कर रही है. हाल के कुछ दिनों में इसमें 10 फीसदी की गिरावट आई है. अगर हालत ऐसे ही रहे तो उन्हें डायलिसिस की जरुरत पड़ेगी.

