राँची:- चारा घोटाले में सजा काट रहे लालू यादव को जेल में तीन साल पूरे हो गए. लालू यादव का इलाज कर रहे डॉ उमेश प्रसाद द्वारा जारी मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार उनकी किडनी फोर्थ स्टेज यानी लास्ट स्टेज में है. उन्हें कभी भी डायलिसिस की जरूरत पड़ सकती है. लेकिन आश्चर्य की बात यह है कि लालू यादव को अभी तक किसी बड़े किडनी विशेषज्ञ यानी नेफ्रोलॉजिस्ट से नहीं दिखाया गया और ना ही कभी बड़े डॉक्टर से जांच कराने की अनुशंसा ही की गई है, ऐसा आरोप बीजेपी लगा रही है.
दरअसल, डॉ उमेश प्रसाद की यूनिट में ही लालू यादव का इलाज चल रहा है. लालू यादव किडनी के साथ-साथ कई और गंभीर बीमारी से भी ग्रसित हैं. आजतक के पास लालू यादव का मेडिकल रिपोर्ट मौजूद है. पिछले तीन महीने की डिटेल रिपोर्ट है, जिसे डॉ उमेश प्रसाद ने संबंधित अधिकारियो को भेजी थी. मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर बताया गया है कि लालू आखिर कौन-कौन सी बीमारी से ग्रसित हैं?
बता दें कि चारा घोटाले के आरोप में पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव को 23 दिसंबर 2017 को जेल भेजा गया था. सजायाफ्ता लालू यादव को जेल में तीन साल पूरे हो गए हैं. वे पिछले ढाई साल से रिम्स में इलाज करा रहे हैं. जेल से 6 सितम्बर 2018 को इलाज के लिए रिम्स में शिफ्ट किया गया था और तब से लेकर वह लगातार रिम्स में इलाज करा रहे हैं. लालू को सबसे पहले रिम्स के कार्डियोलॉजी विभाग में भर्ती कराया गया था. रिपोर्ट के मुताबिक, लालू यादव डाइबिटीज, ब्लड प्रेशर, ह्रदय रोग, किडनी की बीमारी, किडनी में स्टोन, तनाव, थैलीसीमिया, प्रोस्टेट का बढ़ना, यूरिक एसिड का बढ़ना, ब्रेन से सम्बंधित बीमारी, कमज़ोर इम्युनिटी, दाहिने कंधे की हड्डी में दिक्कत, पैर की हड्डी की समस्या, आँख में दिक्कत, POST AVR 2014 ( ह्रदय से सम्बंधित ) जैसी समस्याओं से ग्रसित हैं.
बताया जा रहा है कि इन सभी बीमारियों में लालू सबसे ज्यादा किडनी की बीमारी से परेशान हैं. लालू की देख-रेख कर रहे डॉ उमेश प्रसाद के अनुसार, उनकी किडनी लेवल फोर में यानी उनकी किडनी लास्ट स्टेज में है. उनकी किडनी अभी सिर्फ 25 फीसदी ही काम कर रही है. लालू की हेल्थ रिपोर्ट के अनुसार, उनको कभी भी इमरजेंसी हो सकती है, उन्हें कभी भी डायलिसिस पर ले जाया जा सकता है. ऐसे में किडनी के विशेषज्ञ को तत्काल दिखाने की जरूरत थी. लेकिन लालू का इलाज डॉ उमेश ही करते रहे हैं. लालू की सभी 16 बीमारी को अकेले डॉ. उमेश प्रसाद ही देख रहे हैं. लालू के पुत्र तेजस्वी भी अपने पिता की तबीयत पर चिंतित हैं. उनका कहना है कि उन्होंने दिल्ली के बड़े डॉक्टर्स से लालू यादव का इलाज़ कराने का आग्रह किया है.
वहीं, रांची के जाने माने चिकित्सक डॉ. शम्भू भी लालू यादव की हेल्थ रिपोर्ट देखकर कहते हैं कि मरीज़ की किडनी लास्ट स्टेज में है और मरीज़ को कभी भी इमरजेंसी की जरूरत पड़ सकती है. रिपोर्ट के आधार पर मरीज़ को नेफ्रोलॉजिस्ट, कार्डियोलॉजिस्ट और एंडोक्राइनोलॉजिस्ट की तत्काल जरूरत है. डॉक्टर शंभू ने कहा कि जो रिपोर्ट उन्होंने देखा है, उसमें मरीज का इंसुलिन की वजह से डायबिटीज कंट्रोल में है. साथ ही ब्लड प्रेशर हार्ट और शुगर फिलहाल कंट्रोल में है, लेकिन किडनी की रिपोर्ट खराब है. मरीज की किडनी फेल्योर की तरफ जा रही है, कभी भी इमरजेंसी की स्थिति आ सकती है.

