रांची: सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से देश भर सहित रांची जिला में 11 से 17 जनवरी तक 31वां राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह मनाया जाएगा. जिसका शुभारंभ आज रांची उपायुक्त राय महिमापत रे ने किया.
इस मौके पर रांची उपायुक्त राय महिमापत रे और अनुमंडल पदाधिकारी, सदर रांची लोकेश मिश्रा ने उपायुक्त के गोपनीय कार्यालय से हरी झंडी दिखाकर बाइक रैली को रवाना किया. इस अवसर पर जिला परिवहन पदधिकारी रांची संजीव कुमार एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे.
एलईडी वाहन के माध्यम से लोगों को किया जायेगा जागरुक
एलईडी वाहन के माध्यम से आम जनों को सड़क सुरक्षा से संबंधित वीडियो क्लिप दिखाकर जागरुक किया जायेगा. राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह के शुभारंभ के साथ एलईडी वाहन भी अलबर्ट एक्का चैक तक ले जाया गया. शहर के विभिन्न चैक चैराहों पर सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन, हेलमेट, सीट बेल्ट के फायदे से संबंधित वीडियो क्लिप लोगों को दिखाये जायेंगे.
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह के दौरान विभिन्न विद्यालयों में सड़क सुरक्षा से संबंधित स्लोगन/चित्रकारी/वाद-विवाद/भाषण आदि प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा. साथ ही काॅलेजों में जागरुकता अभियान भी चलाया जायेगा.
उपायुक्त रांची राय महिमापत रे ने कहा कि यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरुक कर सड़क हादसे को कम किया जा सकता है, पूरे सप्ताह इसे लेकर अभियान चलाया जायेगा.

