रंजीत कुमार,
सीतामढ़ी: कई दिनों से रुक रुक कर हो रही बारिश के कारण जिला मुख्यालय सीतामढ़ी को जोड़ने वाली बैरगनिया-सीतामढ़ी मुख्य पथ पर वाहनों की आवाजाही बिल्कुल थम गया है. दो दिनों से लगातार हुए बारिश से इस पथ के बैरगनिया से नन्दवारा के बीच करीब तीन किलोमीटर में सड़क पर गड्ढे में पानी भर गया है वहीं धुनिया टोला के पास बने पुल के डायवर्सन व एप्रोच पथ पर कीचड़ भर जाने से लोग जान जोखिम में लेकर सड़क से गुजर रहे है. हालांकि सड़क की नारकीय स्थिति को देख कर अधिकांशतः वाहन वैकल्पिक मार्ग पेट्रोल पंप से भाया मुसाचक-भकुरहर के रास्ते बैरगनिया बाजार पहुंच रहे है.
जबकि बड़े वाहन वैकल्पिक मार्ग के संकीर्ण होने के कारण बैरगनिया से तीन किलोमीटर पहले ही नन्दवारा पेट्रोल पंप पर रुक जाती है. ज्ञात हो कि 2017 में आई प्रलंयकारी बाढ़ में बलुआ टोला के पास बागमती तटबन्ध को टूट जाने के साथ ही बैरगनिया-सीतामढ़ी मुख्य पथ नन्दवारा से बैरगनिया के बीच ध्वस्त हो गया था. परन्तु तीन साल गुजर जाने के बाद भी अब तक इस ध्वस्त सड़क खंड का निर्माण नहीं हो सका है. इस बरसात में भी इस सड़क खंड का पुनर्निर्माण नही होने से इस बार भी बड़ी वाहनों का प्रवेश बैरगनिया में नहीं हो सकेगा.
जिसके कारण अनाज, रसोई गैस समेत नेपाल जाने वाले ट्रक अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सकेगा.

