चांद किशोर,
लखीसराय: लखीसराय जिले के रामगढ़ चौक प्रखंड मुख्यालय जाने वाली सड़क वर्षों से जर्जर है. जर्जर सड़क पर जल जमाव के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. प्रशासन एवं जन प्रतिनिधि इसकी सुध नहीं ले रहे हैं. आम लोगों के साथ ही प्रशासन की गाड़ियां भी रोज हिचकोले खाते हुए निकलती है. सड़क किनारे मनरेगा विभाग से दो साल पूर्व नाला का निर्माण किया गया था , जो अनुपयोगी साबित हो रहा है. इसमें पानी का निकास नहीं होने से सालों भर सड़क के गड्ढे में गंदा पानी जमा रहता है. जबकि रोज प्रखंड के सभी विभाग के पदाधिकारी एवं क्षेत्र के जनप्रतिनिधि का आना-जाना इस मार्ग से होता है परंतु किसी का भी ध्यान इस ओर नहीं जाता है.
यह सड़क रामगढ़ चौक, नारायणपुर, सोंधी, शर्मा होते हुए जमुई-लखीसराय मुख्य सड़क से जुड़ती है. इसकी लंबाई तीन किलोमीटर है. सड़क की हालत इतनी खराब है कि हर वक्त लोग दुर्घटना के शिकार होते रहते हैं. रामगढ़ चौक के स्थानीय दुकानदारों ने बताया हम लोगों को दुकानदारी करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है. सड़क पर गंदा पानी जमा होने के कारण हर कोई परेशान रहता है.

