लोहरदगा: उपायुक्त दिलीप कुमार टोप्पो द्वारा 151 महिला स्वयं सहायता समूहों के बीच कुडू प्रखंड कार्यालय में 7.55 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया गया. इसका वितरण यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की 102वें स्थापना दिवस पर आयोजित सखी मंडलों में ऋण वितरण जागरुकता शिविर समारोह में किया गया.
इस मौके पर उपायुक्त ने कहा कि महिलाएं सभी जगह पूजी जाती हैं. एक महिला शिक्षित होने से पूरा परिवार शिक्षित होता है. उपायुक्त ने कहा कि बैंक से ऋण प्राप्त कर स्वयं सहायता समूह बेहतर कार्य करें. अगर आपके आय से घर सम्पन्न होता है, तो समाज सम्पन्न होता है. समाज से राज्य व देश सम्पन्न होगा. महिलाएं बहुत लगनशील होती हैं. परिवार और समाज को गढ़ती हैं. महिलाएं सभी कार्य को बेहतर तरीके से कर सकती हैं. अगर आप जीत का संकल्प लेंगे, तो जीत अवश्य हासिल होगी. ऋण से बेहतर कारोबार कर समय पर बैंक को ऋण चुकाएं. मेहनत और लगन के साथ काम करेंगे तो अवश्य सफल होंगे.
अनुमण्डल पदाधिकारी ने इस मौके पर कहा कि अगर महिला सशक्त होंगी, तो समाज की प्रगति होगी. बैंक समय पर स्वयं सहायता समूहों को ऋण उपलब्ध कराते रहें, ताकि उनका मनोबल ऊंचा रहे और बेहतर कार्य करने के लिए ऋण की समस्या नहीं हो.
इस मौके पर अनुमण्डल पदाधिकारी अरविंद कुमार लाल, जिला आपूर्ति/खेल पदाधिकारी नारायण राम, प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोरंजन कुमार, अंचल अधिकारी कमलेश उरांव, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के महाप्रबंधक अनिल कुरील, क्षेत्र उप महाप्रबंधक आनंद कुमार, सहायक महाप्रबंधक जॉन प्रेरार्ड, कुडू के शाखा प्रबंधक रमाकांत नामदेव, जेएसएलपीएस के जिला समन्यवक सुजीत बारी, स्वयं सहायता समूह की सदस्यों समेत अन्य उपस्थित थे.

