आरएसएस कार्यकारिणी के सदस्य इंद्रेश कुमार के नेतृत्व में मुस्लिम राष्ट्रीय मंच, भारतीय ईसाई मंच, हिमालय परिवार, भारत तिब्बत सहयोग मंच और राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच ने संयुक्त रूप से मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. पांच मंचों की 25 टीम ने पांच राज्यों के 75 स्थानों पर मतदाताओं को जागरूक किया। संघ नेता ने भाजपा सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख किया. उन्होंने पंजाब को लेकर कहा कि जहां देश का प्रधानमंत्री सुरक्षित न हो, जहां राष्ट्रध्वज का अपमान होता हो… वहां की सरकार देश के लिए कलंक के बराबर है। उन्होंने धर्मांतरण और हिजाब विवाद पर भी अपनी राय रखते हुए कहा कि इसका विरोध किया जाना चाहिए।
मुस्लिम राष्ट्रीय मंच, भारतीय ईसाई मंच, हिमालय परिवार, भारत तिब्बत सहयोग मंच और राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच पांचों संगठनों के मुख्य संरक्षक इंद्रेश कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए विभिन्न धर्मों के गुरुओं, समाज के प्रबुद्ध वर्गों और अल्पसंख्यकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि धर्म, जाति, समुदाय से ऊपर उठकर जनहित की सरकार को वोट दें और मजबूर नहीं बल्कि मजबूत सरकार बनाएं। केंद्र सरकार और भाजपा शासित राज्यों में देशहित व समाजहित में कई काम किए गए हैं जिनका लाभ सभी धर्म और समुदाय के लोगों तक पहुंचा है।
इसके साथ ही इंद्रेश कुमार ने अरविंद केजरीवाल और अखिलेश यादव का नाम लिए बिना कहा कि अगर कल को चीन या अमेरिका अपनी पार्टी खड़ी कर दे और कहे कि बिजली, पानी, राशन, दावा मुफ्त देंगे, तो क्या आप भारत में चीन की सरकार बना देंगे? उन्होंने अपील की कि देश को धर्म, जाति के नाम पर न बंटने दें। उन्होंने ओवैसी का नाम लिए बिना उन पर निशाना साधा और उन पर तिरंगे का अपमान करने का आरोप भी लगाया।

