साजन मिश्रा,
गोड्डा: बसंतराय प्रखंड क्षेत्र के सुराय कित्ता गांव निवासी मृतक श्रीलाल बेसरा का शव गुरूवार देर रात को दिल्ली से अपने पैतृक गांव पहुंचा,शव पहुंचते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया. मालूम हो कि जमनिकोला पंचायत के सुराय कित्ता गांव निवासी मृतक श्रीलाल बेसरा (उम्र-32वर्ष) पिता सुरेंद्र बेसरा दिल्ली में रहकर मजदूरी करता था,जिसकी मौत की सूचना पिछले 23 फरवरी को मृतक के परिजनों को वहां रह रहे किसी व्यक्ति ने फोन से देते हुए बताया कि इसकी मौत हो गयी जिसके बाद से परिजनों ने अचानक हुए इस मौत को वर्तमान में दिल्ली में हो रहे हिंसा से जोड़कर,इस मौत की बात को अपने दिलो-दिमाग में बैठा लिया,हर तरफ यही चर्चा होने लगी कि श्रीलाल बेसरा दिल्ली में हो रहे हिंसा का शिकार हो गया लेकिन इसकी सच्चाई का खुलासा गुरुवार देर रात जब उसकी शव को गांव लाया गया तब हुआ.
शव आने पर पता चला कि श्रीलाल बेसरा की मौत दिल्ली में हो रहे हिंसा के कारण नहीं बल्कि फांसी लगाकर आत्महत्या करने के कारण हुई है. इसकी पुष्टि खुद मृतक के पिता सुरेंद्र बेसरा ने की है. वहीं दिल्ली में ही रह रहे गांव के युवक ने भी बताया की इसकी मौत फांसी लगाने से हुई है,खैर फांसी लगाने की वजह तो किसी को नहीं मालूम लेकिन दिल्ली हादसे में हुई मौत को लेकर उड़ रही अफवाह पर विराम लगते हुए फांसी लगाकर मृत्यु होने की बात स्पष्ट हुई.
बताया गया कि मृतक तीन भाई और एक बहन में सबसे छोटा था,जिसकी शादी आठ माह पूर्व ही हुई थी. वहीं शव पहुंचते ही गांव में हर घरों से मातमी चीत्कार उठने लगी,पूरा गांव शोक में डूब गया. जिसके बाद जमनिकोला पंचायत की मुखिया बिनु मिश्रा ने शोकाकुल परिवार से मिलकर आर्थिक सहयोग करते हुए कहा कि आगे जहां तक होगा हर सम्भव मदद करने का प्रयास किया जाएगा.

