रांची: बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष रूपा कुमारी ने रविवार को राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की. इस दौरान अध्यक्ष ने लोअर बाजार थाना रांची के अंतर्गत पुलिस लाइन के समीप पुलिस गेस्ट हाउस में विगत 12 अगस्त को नाबालिग के साथ हुई सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बारे में बताया.
राज्यपाल ने इस घटना को समाज के अत्यन्त शर्मसार करनेवाली घटना बताते हुए कहा कि वे इस प्रकार की शर्मनाक एवं निंदनीय घटना के संबंध में राज्य के वरीय पुलिस अधिकारियों से बात करेंगी. उन्होंने कहा कि पुलिस गेस्ट हाउस में पुलिस कर्मियों द्वारा इस प्रकार के कृत्य किये जाने की सूचना से अत्यंत आहत है.
राज्यपाल ने कहा कि हमारे पुलिसकर्मी सरकार एवं शासन की छवि होते हैं. वे इस प्रकार के कार्य करेंगे तो लोग किस पर विश्वास करेंगे. इसलिये वे घटना की पूर्ण जानकारी लेते हुए अपराधियों पर शीघ्र कार्रवाई करने को कहेंगी.

