नई दिल्ली: शाहीन बाग गोलीकांड में दिल्ली पुलिस ने जैसे ही कपिल गुर्जर का रिश्ता आम आदमी पार्टी (AAP) के साथ बताया, वैसे ही सियासत में भूचाल आ गया. बीजेपी इस मुद्दे पर दिल्ली चुनावों में अरविंद केजरीवाल को घेरने की कोशिश कर रही है तो वहीं AAP इसे बीजेपी की साजिश बता रही है. आम आदमी पार्टी इस मुद्दे पर इलेक्शन कमीशन के पास शिकायत भी दर्ज करवाने वाली है. ऐसे वक्त में जब दिल्ली में वोटिंग में काफी कम समय बचा है, कपिल गुर्जर पर खुलासे ने प्रचार के माहौल को गर्म कर दिया है.
कपिल गुर्जर के खुलासे को लेकर बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने केजरीवाल पर निशाना साधा है. संबित ने ट्वीट किया, ”अपनी बेटी को पढ़ा-लिखा कर अपने कैम्पेन में भेजो और दूसरों के बच्चों को बंदूक़ देकर हिंदुओं को बदनाम करने शाहीन बाग भेजो. ये कैसा न्याय है केजरीवाल जी”??
संबित पात्रा ने एक और ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने लिखा, ” आप पार्टी के बड़े नेता जिन्होंने 3 May 2019 को कपिल गुर्जर का संजय सिंह द्वारा ‘आप’ में joining की फ़ोटो tweet की थी. क्या कारण था की शूट आउट से पहले यह ट्वीट डिलीट कर दी गयी थी ? इससे साबित होता है कि शाहीन बाग और हिंदुओं को बदनाम करने के लिए शूटआऊट ये केजरीवाल की साज़िश थी.”

