मुंगेर: स्नेहा हत्याकांड की सीबीआई जांच कराने सहित चार सूत्री मांगों को लेकर दर्जनों कार्यकर्ताओं के साथ अपने आवास से जुलूस की शक्ल में नारे लगाते हुए अनिश्चितकालीन सत्याग्रह सह आमरण-अनशन करने पहुंचे एनसीपी श्रमिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष संजय केसरी को शहीद अब्दुल हमीद चौक पर पहुंचते ही पहले से भारी संख्या में मौजूद पुलिसकर्मियों द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया.
वहीं इस अवसर पर कार्यकर्ता ‘बिहार की बेटी स्नेहा हत्याकांड की सीबीआई जांच कराना होगा’, ‘मंत्री शैलेश कुमार स्नेहा हत्याकांड की सीबीआई जांच में बाधक क्यों जवाब दो’, ‘बेरोजगारों के सम्मान में एनसीपी मैदान में’ आदि नारे लगा रहे थे.
जुलूस में शामिल कार्यकर्ताओं एवं आम जनता को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष संजय केसरी ने कहा कि स्नेहा हत्याकांड की सीबीआई जांच में बाधक बने मंत्री शैलेश कुमार को जनता की अदालत में जवाब देना होगा कि स्नेहा का शव सिर से पैर तक खून से लथपथ कैसे था, बांया हाथ टूटा हुआ और उस पर लाठी के अनेकों निशान कैसे थे तथा दाहिना पैर मुड़कर कुर्सी पर टिका हुआ कैसे था.
स्नेहा के पिता विवेकानंद मंडल ने अनशनकारी संजय केशरी को माला पहनाते हुए कहा कि मुझे सिर्फ और सिर्फ सीबीआई जांच चाहिए जिससे मेरी बेटी स्नेहा के हत्यारों को सजा मिल सके. वहीं पूर्व मुखिया राजकुमार राय ने कहा कि बिहार की बेटी स्नेहा हत्याकांड की सीबीआई जांच कराने के लिए हमलोग कोई भी कुर्बानी देने के लिए तैयार हैं.
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए कार्यकर्त्ताओं में प्रदेश महासचिव राजीव शर्मा, विक्टर सिंह प्रताप, मनोरंजन सिंह, राजेश मिश्रा, अजय सिंह, विक्रमसिंह चन्द्रवंशी, आजाद शर्मा, मोनू सिन्हा, सुनील केशरी, महिला अध्यक्ष शीला सिन्हा, बीना देवी, किरण देवी, बेबी देवी, सोनी देवी, ऊषा देवी, सुनीता देवी आदि अनेकों कार्यकर्ता शामिल थे. शाम को पीआर बॉण्ड पर सभी कार्यकर्ताओं को रिहा कर दिया गया.

