नई दिल्ली: बॉलीवुड के खलनायक संजय दत्त को लेकर बीते दिनों खबर आई थी कि वह लंग्स कैंसर जैसी खतरनाक बीमारी से ग्रसित हैं. उल्लेखनीय है कि संजय दत्त के फेफड़ों का कैंसर एडवांस्ड स्टेज में पहुंच गया है और इसका इलाज करवाने के लिए अब वह अस्पताल में भर्ती हो गए हैं.
इलाज के लिए भर्ती हुए संजय दत्त
कल शाम करीब 7 बजे संजय दत्त मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती होने के लिए रवाना हुए जिसकी कई सारी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं. इसी बीच एक वीडियो भी सामने आया है जहां वे अपनी पत्नी मान्यता और अपनी दोनों बहनें प्रिया दत्त और नम्रता दत्त के साथ नजर आ रहे हैं जहां वह अस्पताल के लिए रवाना हो रहे हैं. इस दौरान संजय दत्त ने मीडिया को विक्टरी का साइन दिखाते हुए अपने लिए दुआ करने की बात भी कही.
वहीं खबरें तो यह भी आई थी कि संजय दत्त अपने इलाज के लिए अमेरिका जाना चाहते हैं लेकिन ऐसा इसलिए संभव ना हो पाया क्योंकि मुंबई बम धमाकों में एक सजायाफ्ता मुजरिम होने की वजह से उन्हें अमेरिका में इलाज कराने की अनुमति नहीं मिली.

