रांची:- केंद्रीय सड़क राजमार्ग एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के द्वारा झारखंड को मिली योजनाओं की सौगात पर रांची के सांसद संजय सेठ ने उनका हृदय से आभार जताया है. सेठ ने कहा है कि आदरणीय गडकरी ने रांची सहित पूरे झारखंड को जो सौगात दी है, वह झारखंड के विकास की गति को और मजबूती प्रदान करेगा. साथ ही यह ना सिर्फ झारखंड बल्कि पूरे देश के विकास की मजबूत कड़ी बनेगा. सेठ ने रांची के रातू रोड में एलिवेटेड रोड व फ्लाईओवर की घोषणा को लेकर केंद्रीय मंत्री के प्रति आभार जताया है. उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री और भारत सरकार की योजना से रांची लोकसभा क्षेत्र का ओरमांझी आने वाले दिनों में बहुत बड़ा हब बनने वाला है. यह एक ऐसा जंक्शन होगा, जो पूरे देश को जोड़ने का काम करेगा. इसका सीधा लाभ ना सिर्फ ओरमांझी बल्कि पूरे झारखंड की जनता को मिलेगा. सेठ ने केंद्रीय मंत्री द्वारा झारखंड के लिए 5000 करोड़ की घोषणा के प्रति भी आभार जताया है. साथ ही कहा है कि माननीय केंद्रीय मंत्री ने जिस तरह से झारखंड के प्रति अपना प्यार दिखाया है, राज्य सरकार को भी चाहिए कि उतनी ही गंभीरता से उन योजनाओं के क्रियान्वयन में केंद्र सरकार का सहयोग करें ताकि गडकरी जी के झारखंड की सड़कों को विदेश की तरह बनाने का सपना पूरा हो सके.
सेठ ने तीन फ्लोर के फ्लाईओवर पर लिफ्ट बनाने, स्कूटर-बाइक चढ़ाने के लिए रैंप बनाने और ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर खोलने के प्रस्ताव देने के लिए 1 करोड़ रुपए देने की घोषणा को लेकर भी केंद्रीय मंत्री के प्रति आभार जताया है. सेठ ने कहा कि झारखंड में विशेष रूप से रांची लोकसभा क्षेत्र में एनएचएआई से काम कर रहे अभिकर्ताओं व अधिकारियों को भी पूरी संजिदगी से काम करना होगा. माननीय केंद्रीय मंत्री ने जो भी निर्देश दिए हैं, उनका पालन सुनिश्चित हो इस बात का अधिकारी ध्यान दें. उन्होंने कहा कि झारखंड के मुख्यमंत्री से भी आदरणीय गडकरी जी ने जो आग्रह किया है, उसे मुख्यमंत्री महोदय पूरा करेंगे, ऐसी अपेक्षा रांची लोकसभा क्षेत्र की जनता को उनसे है.

