धनबादः झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह अब धनबाद जेल के बजाय दुमका सेंट्रल जेल में रहेंगे. जेल प्रशासन ने रविवार को उन्हें धनबाद से दुमका सेंट्रल जेल भेज दिया.
अपने चचेरे भाई नीरज सिंह की हत्या की साजिश में जेल में बंद झरिया के पूर्व भाजपा विधायक संजीव सिंह अब दुमका जेल में रहेंगे. जेल आईजी के निर्देश पर धनबाद जेल प्रशासन ने संजीव को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में दुमका जेल भेजा. संजीव के वाहन के पीछे-पीछे सिंह मैंशन ( संजीव सिंह के आवास का नाम) समर्थकों की दर्जनों गाडियां भी साथ-साथ गई. पूर्व विधायक अप्रैल, 2017 से जेल में बंद है. इसके पूर्व भी 17 अक्टूबर, 2020 को सुरक्षा कारणों का हवाला देकर जेल आईजी के निर्देश पर धनबाद जेल प्रशासन ने नीरज हत्याकांड के अभियुक्त शूटर अमन सिंह को रांची के होटवार जेल, शिबू उर्फ सागर को जमशेदपुर के घाघीडीह जेल, सोनू उर्फ कुर्बान को मेदनीनगर जेल, सतीश उर्फ रोहित उर्फ चंदन को दुमका जेल एवं मास्टरमाइंड पंकज सिंह को हजारीबाग सेंट्रल जेल भेजा है . इसके पूर्व 20 अप्रैल, 2017 को पूर्व झरिया विधायक संजीव सिंह को भी रांची के होटवार जेल में शिफ्ट किया गया था. हालांकि बाद में कोर्ट के आदेश पर फिर उन्हें वापस धनबाद जेल ले लाया गया था. इधर, संजीव सिंह की तबियत जेल के अंदर काफी खराब है. डॉक्टरों ने उनके इलाज के लिए बड़े संस्थान में भेजने की सलाह दी है. शनिवार को उनकी ओर से अधिवक्ता मो जावेद ने अदालत में आवेदन देकर इलाज के लिए बड़े चिकित्सिय संस्थान में भेजने की गुहार लगाई है जिसपर मंगलवार को सुनवाई हो सकती है.

