प्रमोद उपाध्याय
हजारीबाग: संस्कार भारती की हजारीबाग इकाई द्वारा रविवार को हिन्दु हाई स्कूल में मेंहदी व रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। दो विभिन्न वर्गों में आयोजित इस प्रतियोगिता में करीब 125 बच्चियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में बेहतर रंगोली व मेंहदी रचने वाली बच्चियों को सम्मानित किया गया। बतौर मुख्य अतिथि के बी महिला महाविद्यालय की प्राचार्या रेखा रानी एवं बतौर विशिष्ट अतिथि डा.ललिता राणा ने विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया।
रेखा रानी ने इस अवसर पर कहा कि भले ही हम अत्याधुनिक युग में जी रहे हों, लेकिन हमें अपनी जड़ों से नहीं कटना चाहिए। जड़ों से जुड़े रहने के बाद हम अपनी संस्कृति को अक्षुण्ण बनाए रखने में सफल हो सकते हैं। डा. ललिता राणा ने कहा कि मेंहदी शुभ और सुहाग का प्रतीक है। संस्कारों में इसे महत्वपूर्ण माना जाता है। यही कारण है कि इसे शादी सहित अन्य तयौहारों पर लगाया जाता है। उन्होने मेंहदी को औषधि भी बताया और कहा कि इसके लगाने से बीपी नियंत्रित होने की बात कही जाती है।
डा.राणा ने ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन के लिए संस्था के लोगों को बधाई दी। कार्यक्रम में रंगोली विधा में प्रवीण जायसवाल एवं उमेश गुप्ता, मेंहदी में मोमिता मल्लिक, बबीता कुमारी, सीमा अग्रवाल एवं अनुराधा कुमारी ने निर्णायक की भूमिका निभाई। कार्यक्रम के आयोजन में अध्यक्ष कुमार केशव, सचिव डा प्रहलाद सिंह, रविन्द्र कुमार, अनिल पाण्डेय, शोभा सहाय, शोभ सिन्हा, राकेश रंजन, संजय कुमार, राजीव झा, रंजना शर्मा, विकास कुमार, शाद्वल कुमार आदि ने सहयोग किया। कार्यक्रम का संचालन पूजा राय एवं शंकर चंद पाठक ने की, धन्यवाद ज्ञापन कुमार केशव ने की।
रंगोली में जिया व आकृति एवं मेंहदी में ममता व सिफत प्रथम
संस्कार भारती की हजारीबाग इकाई द्वारा रविवार को हिन्दु हाई स्कूल में आयोजित रंगोली प्रतियोगिता के अ वर्ग में जिया को प्रथम पुरस्कार मिला। वहीं आकांक्षा मिश्रा को द्वितीय व अंजली कुमारी को तीसरा स्थान मिला। पूनम कुमारी को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। इसी प्रतियोगिता के ब वर्ग में आकृति गुप्ता प्रथम, प्रिंसी राज द्वितीय, ज्योति रानी को तृतीय स्थान पर सम्मानित किया गया। सुषमा उरांव को सांत्वना पुरस्कार मिला। मेंहदी प्रतियोगिता के अ वर्ग में ममता कुमारी प्रथम, लक्ष्मी कुमारी द्वितीय एवं खूशबू गुप्ता तीसरे स्थान पर रही। सुहानी कुमारी को सांत्वना पुरस्कार मिला। इसी प्रतियोगिता के ब वर्ग में सिफत शहीन प्रथम, खुशबू कुमारी द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर सुफिया नाज पुरस्कृत हुईं। आकृति गुप्ता को सांत्वना पुरस्कार मिला।

