रांची: भाजपा सांसद सुनील सोरेन ने कहा कि पिछले 5 वर्षों में भाजपा के शासनकाल में संथाल क्षेत्र की तस्वीर बदल गयी है. उन्होंने कहा कि यह बात आंकड़ों से भी स्प्ष्ट हो जाती है. देवघर में एम्स का निर्माण किया गया है जो एक बड़ी उपलब्धि है. देवघर में ही रवींद्र नाथ टैगोर कृषि महाविद्यालय की स्थापना की गई है. यहां अजय नदी में पुनासी जलाशय योजना का कार्य भी जारी है. इस योजना से 15,384 हेक्टेयर रबी पटवन का कार्य हो सकेगा. देवघर में सौभाग्य योजना के जरिये 20,765 बिजली कनेक्शन दी गई.
उन्होंने कहा कि बगोदर क्षेत्र में सरकार ने कई काम किये हैं. बगोदर विधानसभा की बात करें तो यहां 284.62 करोड़ की लागत से 173.17 किलो मीटर सड़क का निर्माण हुआ. यहां प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 7490 परिवारों को आवास उपलब्ध कराया गया.
वहीं गांडेय विधानसभा क्षेत्र के 503 गांव में पूर्ण रूप से विद्युतीकरण किया गया. उन्होंने कहा कि भाजपा की प्राथमिकता केवल विकास ही रही है. अगर गिरिडीह की बात करें तो यहां ग्राम विकास समिति और आदिवासी विकास समिति के माध्यम से कुल 62.34 लाख रुपए की लागत से 77 योजनाओं पर कार्य जारी है. बोकारो में 2.98 करोड़ रुपए की लागत से 7 चेकडैम का कार्य हुआ.
उन्होंने कहा कि यहां प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 59.189 करोड़ रुपए की लागत से 4553 लाभुकों को आवास दिया गया. चन्दनकियारी विधानसभा क्षेत्र में 105.98 करोड़ रुपए की लागत से 95.44 किमी सड़क का निर्माण हुआ. यहां शत-प्रतिशत घरों में बिजली पहुंचाने का कार्य किया गया है. वहीं , सिंदरी विधानसभा क्षेत्र में दो नए पावर सब स्टेशन का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि एक पावर सब स्टेशन का कार्य पूरा हो चुका है.
उन्होंने कहा कि डुमरी में खुले में शौच से मुक्ति के तहत 45387 शौचालयों का निर्माण किया गया है. यहां 115.514 करोड़ रुपये की लागत से 261.57 सड़क का निर्माण हुआ. इसी तरह जमुआ की बात करें तो यहां 7948 परिवारों को आवास उपलब्ध कराया जा चुका है.
मधुपुर क्षेत्र में करौं, मधुपुर और हुसैनाबाद में आईटीआई का निर्माण किया जा रहा है. इसके अलावा बाघमारा में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना(खरीफ) के तहत 21,341 किसानों को जोड़ा गया. टुंडी विधानसभा क्षेत्र में 136.70 करोड़ की लागत से 5 पेयजलापूर्ति योजना स्वीकृत की गई. जबकि निरसा में स्व विनोद बिहारी महतो कोयलांचल विवि की स्थापना की गई है.

