रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सह वित्त एवं खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव के निर्देशानुसार संगठन की ओर से प्रदेश प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे और राजेश गुप्ता, छोटू ने हैदराबाद से विशेष रेलगाड़ी से वापस झारखंड लौटने वाले प्रवासी कामगारों का हटिया स्टेशन पर फूल देकर स्वागत किया.
पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने कहा कि तीन-तीन विशेष रेलगाड़ियों से प्रवासी कामगारों और विद्यार्थियों की घर वापसी सुनिश्चित करना राज्य सरकार की कर्त्तव्यनिष्ठा और प्रतिबद्धता दर्शाती है.
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा यह भी निर्णय लिया गया है कि लॉकडाउन में अपने गृह राज्य वापस आने वाले कामगारों के लिए अधिक से अधिक रोजगार सृजन के उपाय किये जाएंगे. राज्य के उद्योग धंधों में 75 फीसदी स्थानीय लोगों को रोजगार देने का प्रयास होगा.
वहीं झारखंड सरकार ने मनरेगा के बजट को भी बढ़ाने का निर्णय लिया है. इसके अलावा कृषि क्षेत्र में भी अधिक से अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में भी सरकार की ओर से कारगर कदम उठाये गये है.
आलोक कुमार दूबे ने बताया कि तेलगांना से आने वाले प्रवासी श्रमिकों को उनके जिले के लिए निर्धारित बसों पर बैठाने में सहयोग देकर और सभी वाहनों के रवाना करने के दौरान उनके चेहरों पर खुशी देकर काफी संतुष्टि मिली.
घर वापसी के सुखद क्षण में सभी प्रवासी कामगारों ने राज्य सरकार के प्रयास और इस दिशा में जोरशोर से आवाज उठाने वाले सभी सामाजिक तथा राजनीतिक दलों के नेताओं-कार्यकर्त्ताओं के प्रति आभार व्यक्त कर रहे थे.

