रांचीः रांची में शनिवार नो कार अभियान जारी है. शनिवार को मोरहाबादी मैदान के रामदयाल सिंह मुंडा पार्क से रांची नगर निगम की साइकिल रैली सुबह 8:15 बजे रवाना हुई. रैली में तकरीबन डेढ़ सौ लोग थे. रैली की अगुवाई उप नगर आयुक्त कुंवर सिंह पाहन कर रहे थे. साइकिल सवारों ने मेन रोड के फिराया लाल चौक, शहीद चौक आदि होते हुए शहर के विभिन्न सड़कों का चक्कर लगाया और वापस रामदयाल मुंडा पार्क पर आकर रैली खत्म हुई. रैली में महिलाएं भी शामिल थीं.उप नगर आयुक्त कुंवर सिंह चौहान ने बताया कि आज नगर निगम के सभी अधिकारी और कर्मचारी साइकिल से ही अपने दफ्तर आएंगे. उन्होंने बताया कि सभी नगर प्रबंधक अपने-अपने वार्ड में साइकिल रैली निकालकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं.
नगर प्रबंधक नंदलाल बड़ाईक ने बताया कि शहर के आम लोग भी नगर निगम के अभियान से जुड़ रहे हैं और साइकिल चला रहे हैं. गौरतलब है कि शनिवार नो कार का शहर में काफी असर देखा जा रहा है. मोरहाबादी समेत शहर के विभिन्न इलाकों में सड़क पर कार कम नजर आ रही है. लोग साइकिल की सवारी करते दिख रहे हैं. सेंट जेवियर्स कॉलेज में पढ़ रहीं जमशेदपुर के गोलमुरी की रहने वाली नंदिनी सिंह ने भी साइकिल चलाई. उन्होंने कहा कि चार पहिया वाहन चलने से राजधानी में प्रदूषण बढ़ रहा है. इसलिए लोगों को चाहिए कि वह वाहनों का कम प्रयोग करें. उनके साथ ही पढ़ाई करने वाली हजारीबाग की प्रियांशु साहा ने कहा कि इस तरह के आयोजन से लोगों को जागरूक होना चाहिए. हम आज जागरूक नहीं होंगे तो खराब होता पर्यावरण हमारी सेहत को खराब कर देगा. इसलिए लोगों को थोड़ी दूर जाने के लिए कार का नहीं बल्कि साइकिल का ही प्रयोग करना चाहिए.

