नई दिल्ली: देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक भारतीय स्टेट बैंक (State Bank of India) में आपका सेविंग बैंक अकाउंट है तो ये खबर आपके लिए महत्वपूर्ण है. क्योंकि बैंक ने पैसा जमा करने और निकालने के नियमों की जानकारी दी है. बैंक का कहना है कि महीने में तीन बार ग्राहक अपने खाते में निशुल्क कैश जमा कर सकते है. वहीं, बैंक ब्रांच से जाकर 2 बार कैश निकाल सकते है. आपको बता दें कि SBI ने 1 अक्टूबर 2019 से सर्विस चार्जेस को बदल दिया है. इसकी पूरी जानकारी उन्होंने अपनी वेबसाइट पर भी दी है.
SBI ने दी सेविंग बैंक खाते से जुड़ी अहम जानकारी
बैंक ने अपने ट्विटर हैंडल के जरिए बताया है कि सोशल मीडिया पर SBI के सेविंग खातों को लेकर कई खबरें गलत चल रही है. इसीलिए उन्होंने सेविंग खाते से पैसा निकालने और जमा करने के नियमों की जानकारी देते हुए कहा है कि 1 अक्टूबर 2019 के बाद ग्राहक महीने में 3 बार मुफ्त में नकद जमा कर सकता है.
इसके अलावा मुफ्त में कैश निकालने की लिमिट महीने में 2 बार है. सालभर में 24 बार मुफ्त में कैश निकाला जा सकता है. SBI के ATM से महीने में 5 बार मुफ्त कैश निकाल सकते है और सालभर में यह लिमिट 60 बार तय की गई है. आपको बता दें कि ये सभी चार्जेस मैट्रो और अन्य सेंटर्स के लिए दिए गए है.

