बरहेट: बरहेट थाना क्षेत्र के सारजमघुटू सनमनी नदी पुल के पास रविवार को बरहेट तेली टोला निवासी सीएसपी संचालक भागीरथ साह से मोटरसाइकिल पर सवार अपराधियों ने गोली मारकर 1 लाख 90 हजार रुपये लूट लिए. गंभीर हाल में इलाज के लिए सीएसपी संचालक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
जानकारी के अनुसार बरहेट तेली टोला निवासी भागीरथ साह सनमनी गांव में भारतीय स्टेट बैंक के सीएसपी का संचालन करते हैं. वह प्रतिदिन की तरह रविवार को भी अपने घर से निकलकर सनमनी जा रहे थे. इसी बीच सनमनी पहुंचने से पूर्व गुमानी नदी के पुल के समीप कैनाल की तरफ से काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो अपराधी पहुंचे और पुल के समीप ओवरटेक कर रिवाल्वर के बल पर हाथापाई शुरू कर दी.
Also Read This: सार्वजनिक स्थलों पर थूका तो लगेगा 5 हजार रुपये का जुर्माना
इसके बाद दोनों में जमकर खींचातानी हुई. इसी क्रम में अपराधियों ने भागीरथ साह पर पिस्तौल से गोली चला दी. उसकी जांघ में गोली लग गई तथा वह मौके पर गिर गया. अपराधी सीएसपी संचालक के लगभग 1 लाख 90 हजार लेकर मौके से फरार हो गये.
मामले की जानकारी मिलते ही परिजनों घटनास्थल पर पहुंचकर घायल अवस्था में भगीरथ साह को बरहेट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इलाज के लिए ले गये. चिकित्सक डॉ चंदन कुमार ने उन्हें प्रारंभिक इलाज कर साहिबगंज रेफर कर दिया. सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी हरीश कुमार पाठक, पुअनि प्रमोद टूडू के अलावा अन्य पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर घटना के संबंध में घायल भागीरथ साह से प्रारंभिक पूछताछ की. इसके बाद पुलिस मामले की छानबीन के लिए घटनास्थल पर पहुंची.

