-
गोमिया विधायक ने डीसी से की जांच की अनुशंसा
रांची: गोमिया के विधायक डॉ. लंबोदर महतो ने अपने विधानसभा क्षेत्र के गोमिया प्रखंड में प्रधानमंत्री उज्जवला गैस योजना में हुए अनियमितता को उजागर किया है और बोकारो जिले के उपायुक्त को इसकी जांच कर लाभुकों के बीच गैस सेट का वितरण करने और मैसर्स कुलगो गैस एजेंसी बगोदर के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है.
उन्होंने बताया कि यह अनियमितता तब सामने आया जब कोरोना संक्रमण की वजह से मौजूदा समय में लागू लॉकडाउन में प्रधानमंत्री उज्वला गैस योजना के लाभुकों के खाते में गैस सिलेंडर की राशि आ गई है.
उन्होंने कहा कि मजेदार बात यह है कि लाभुकों के पास न तो गैस चूल्हा है, न रेगुलेटर और न ही सिलेंडर. जांच के क्रम में ऐसे सैकड़ों लाभुक सामने आ सकते हैं, जिसका अंदेशा जताया जाने लगा है.
उन्होंने बताया कि उन्हें पचमो के रहने वाले दिनेश कुमार महतो एवं रहावन की रहने वाली सुमित्रा देवी ने बकायदा इसकी लिखित शिकायत की है कि हमें अब तक मैसर्स कुलगो गैस एजेंसी बगोदर के द्वारा चूल्हा सेट नहीं दिया गया है और हमारे खाते में प्रधानमंत्री उज्जवला गैस योजना से मिलने वाले गैस सिलेंडर के लिए राशि आ गई है.
कई लोगों ने हमें यह भी बताया है कि मैसर्स कुलगो गैस एजेंसी बगोदर द्वारा पूर्व में सैकड़ों लाभुकों से प्रधानमंत्री गैस उज्ज्वला के नाम पर आवेदन तो ले लिया मगर गैस चूल्हा सेट नहीं दिया गया. सिवाय कुछ लोगों को देकर खानापूर्ति कर ली गई है. कुछेक जिन लाभुकों को गैस चूल्हा सेट मिला उन सबों के बीच गैस सिलेंडर का वितरण भी नहीं किया जा रहा है. कागज पर गैस कनेक्शन दे दिया गया है.
उन्होंने कहा कि लोगों के बीच इस बात की भी चर्चा है कि राज्य के अन्य जिलों में भी इस तरह की अनियमितता हुई होगी. डॉ. लंबोदर महतो ने बताया कि बोकारो जिले के उपायुक्त को इस अनियमितता की जानकारी विस्तार से दे दी गई है और उनसे से इसकी शीघ्र से शीघ्र जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की अनुशंसा की गई है.

