लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वैश्विक माहामारी के इस आपात काल में निजी स्वार्थ की राजनीति करने वालों की घोर निंदा की है.
योगी ने मंगलवार को यहां कहा कि विरोधी दल कोरोना के खिलाफ देश की इस लड़ाई को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में कोरोना के खिलाफ जारी जंग को मजबूती के साथ लड़ रही है.
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि जो लोग अपने शाासन काल में कामगार, गरीब, मजबूर, निराश्रित और महिलाओं के कल्याणकारी योजनाओं की धनराशि हड़प कर जाते थे. वही लोग आज गरीबों के खाते में धनराशि पहुंचने पर बौखला रहे हैं.
योगी ने कहा कि पहली बार देश के अंदर आपदा के समय में गरीबों, मजदूरों, महिलाओं, निराश्रितों के लिए एक लाख 70 हजार करोड़ के रूप में एक बड़ी राहत पीएम गरीब कल्याण पैकेज के रूप में घोषित हुई.
प्रदेश सरकार द्वारा किए गए कामों का ब्यौरा देते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 2 करोड़ 34 लाख किसानों के खाते में दो-दो हजार रुपये की पहली किस्त अप्रैल में और दूसरी किस्त इसी माह भेजी जा रही है. इसके अलावा 3 करोड़ 26 लाख महिलाओं के जनधन खाते में 1630 करोड़ रुपये अप्रैल में और 1630 करोड़ रुपये की धनराशि मई महिने में भेज दी गई है.
प्रदेश के 1 करोड़ 47 लाख परिवारों को निःशुल्क रसोई सिलेंडर उपलब्ध कराया गया है. 18 करोड़ गरीबों को दो बार निःशुल्क खाद्यान्न वितरित किया गया है. तीसरी बार भी यह वितरण शुरू किया जा रहा है. प्रदेश में निराश्रित, गरीब, रोज कमाने वाले, कामगार जैसे 30 लाख से अधिक गरीबों को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा एक हजार रुपये का भरण पोषण भत्ता और निःशुल्क खाद्यान्न भी दिया गया है. मनरेगा मजदूरों को बढ़े हुए पारिश्रामिक से भुगतान किया गया है. 88 लाख से अधिक पेंशन धारकों को दो महीनों की धनराशि एडवांस उपलब्ध करा दी गई है.
दूसरे राज्यों से उत्तर प्रदेश में वापस आने वाले कामगारों व श्रमिकों को दी जाने वाली सहायता के बारे में मुख्यमंत्री ने बताया कि यूपी में आने वाले प्रवासी मजदूरों को क्वारंटीन सेंटर और शेल्टर होम तक पहुंचाया जा रहा है. सभी को खाद्यान्न देकर घर पहुंचाने का काम प्रदेश सरकार कर रही है.
10 हजार से अधिक यूपी परिवहन की बसों को इस सेवा में लगाया गया है. प्रदेश सरकार ने यूपी में कोरोना के खिलाफ लड़ाई को मजबूत करने के लिए 50 हजार से अधिक लेवल-1, लेवल-2 और लेवल-3 के अस्पतालों को तैयार करने का काम कर दिया है. यहां सभी कोरोना से पीड़ित जरूरतमंदों का निःशुल्क उपचार किया जा रहा है. आपातकालीन उपचार के लिए भी कोविड व नॉन कोविड अस्पतालों की श्रृंखला उपलब्ध कर दी गई है. ये अस्पताल एक लाख से अधिक बेडों से लैस हैं.
योगी ने कहा कि देश की लड़ाई को मजबूत करने के लिए हर नागरिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लड़ रहा है. उत्तर प्रदेश सरकार ने भी इन प्रयासों के आधार पर इस लड़ाई को मजबूती देने का काम किया है. प्रदेश सरकार ने 6.50 लाख से अधिक कामगारों व श्रमिकों को वापस लाने में सफलता हासिल की है.

