जमशेदपुर: अभिभावक संघ ने सोनारी के भारत सेवाश्रम संघ द्वारा संचालित प्रणव चिल्ड्रेन वर्ल्ड सीनियर सेकेंडरी इंग्लिश स्कूल प्रबंधन पर आरटीई कानून के आर्टिकल 16 का उल्लंघन करने का आरोप लगाते हुए जिले के उपायुक्त से स्कूल प्रबंधन पर कार्रवाई की मांग की है.
आपको बता दें कि स्कूल प्रबंधन को जिले के उपायुक्त ने 14 अभिवंचित वर्ग के बच्चों का नामांकन लेने का निर्देश दिया था. जहां पहले तो स्कूल प्रबंधन ने 10 बच्चों का नामांकन ले लिया. उसके बाद एक सीट के लिए 2 दावेदार आने पर सभी सीटों के लिए लॉटरी करा दी.
जिससे कई बच्चे नामांकन से वंचित रह गए. अभिभावक संघ का कहना है कि यह सरासर गलत है और आरटीई कानून का उल्लंघन है. हालांकि स्कूल प्रबंधन ने कल ही अपनी भूल स्वीकार कर ली थी और कानून का हवाला देते हुए ऐसा करने की बात कही. फिलहाल स्कूल प्रबंधन और अभिभावक संघ आमने-सामने हैं.

