नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली समेत ज्यादातर राज्यों ने कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्कूलों को अभी बंद ही रखने का फैसला लिया गया है. इसके अलवा कई राज्यों ने स्कूल खलने के बाद उन्हें दोबारा बंद कर दिया है. हालांकि कुछ राज्य ऐसे भी हैं जिन्होंने स्कूलों को फिर से खोलने की इजाजत दे दी है. असम ने 1 जनवरी, 2021 से प्राथमिक स्कूलों को फिर से शुरू करने की घोषणा की है. वहीं, दिल्ली सरकार का कहना है कि जबतक कोरोना की वैक्सीन नहीं आ जाती तबतक स्कूल बंद ही रहेंगे.
असम के स्वास्थ्य मंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोमवार को घोषणा करते हुए कहा कि पूर्वोत्तर राज्य के प्राथमिक स्कूल 1 जनवरी, 2021 से फिर से शुरू हो जाएंगे. स्कूलों को फिर से खोलने से संबंधित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जल्द ही जारी कर दी जाएगी.
दिल्ली में बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि जब तक वैक्सीन नहीं आ जाती, तब तक स्कूल नहीं खोले जाएंगे. उन्होंने कहा कि इस वक्त स्कूल शुरू करना बच्चों को कोरोना की तरफ धकेलने जैसा होगा. सरकार का मकसद है कि लोगों को बचाया जाए. लोगों से अपील की जा रही है कि एहतियात बरतें.
जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने रविवार को कोरोना वायरस की स्थिति की समीझा की. इससे संबंधित दिशा-निर्देश जारी करते हुए प्रशासन ने कहा कि सभी शैक्षणिक संस्थान 31 दिसंबर तक बंद रहेंगे. इसमें कहा गया है कि सभी स्कूल, कॉलेज, उच्च शिक्षण संस्थान (आंगनवाड़ी केंद्र सहित) आदि 31 दिसंबर तक बंद रहेंगे. केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित प्रशिक्षण संस्थान खुले रहेंगे.

