दिल्ली: उत्तरी-पूर्वी में हो रही हिंसक घटनाओं के मद्देनजर केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने दिल्ली के उत्तर पूर्वी इलाके में 26 फरवरी को होने वाली कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा स्थगित करने का फैसला किया है. दिल्ली के उपमुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी है. CBSE ने प्रेस नोट में साफ कहा है कि नार्थ ईस्ट दिल्ली को छोड़ बाकी के इलाकों में परीक्षा आयोजित की जाएगी. जो परीक्षाएं स्थगित की गई हैं उनकी तारीखों का ऐलान बोर्ड ने अभी नहीं किया है, लेकिन जल्द ही तारीखों की घोषणा भी की जाएगी.
वहीं हिंसा प्रभावित नॉर्थ ईस्ट दिल्ली में कल भी स्कूल बंद रहेंगे साथ ही होम एग्जाम्स भी पोस्टपोंड किए गए हैं.
गौरतलब है कि उत्तरी-पूर्वी दिल्ली मंगलवार को भी हिंसा की चपेट में रही. जाफराबाद से मौजपुर, बाबरपुर तक दुकानें लूटी और जलाई गईं. पत्थरबाजी के साथ गोलियां भी चलीं. उपद्रवी हजारों की संख्या में घातक हथियारों के साथ अचानक सड़कों पर उतर जाते तो सौ-पचास की संख्या में मौजूद पुलिस बेबस हो उठती. पुलिस तभी उग्र भीड़ को खदेड़ने का साहस कर पाती, जब अर्धसैनिक बलों के जवान मौके पर बसों से पहुंचते.
कुछ ऐसा ही हाल सीलमपुर से लेकर बाबरपुर और गोकुलपुरी की तरफ जाने वाली सड़क पर देखने को मिला. जाफराबाद, मौजपुर आदि इलाकों में आगजनी की कई घटनाओं के कारण दमकल वाहनों का बार-बार आना-जाना लगा रहा. मौजपुर के विजयपार्क स्थित संजीवनी हॉस्पिटल को उग्र भीड़ ने निशाना बनाया. हॉस्पिटल के शीशे तोड़ दिए. बगल में शगुन स्वीट होम का गेट तोड़कर उपद्रवी घुस गए. यहां जूते-चप्पल की दुकान भी लूट ली गई.

