घटना को अंजाम देकर भाग रहे बलेनो कार समेत चालक लिए गए हिरासत में
चतरा: चतरा के सिमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत चतरा-रांची मुख्यपथ एनएच99 पर स्थित बगरा-जबड़ा मोड़ ईलाके में मंगलवार की रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में सोनू कुमार नामक युवक की दर्दनाक मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से जख्मी हो गया. दुर्घटना अनियंत्रित बलेनो कार के बाईक सवार को चपेट में लेने से हुई.
जानकारी के अनुसार सिमरिया थाना क्षेत्र के बगरा लुतिडीह गांव निवासी सोनू कुमार अपने एक अन्य दोस्त कुंदन कुमार के साथ बाइक से सिमरिया से अपने गांव जा रहा था. इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे अनियंत्रित हाई स्पीड बलेनो कार ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया. जिससे जहां बाइक चला रहे सोनू कुमार की मौके पर ही दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई वहीं उसका दोस्त कुंदन कुमार गंभीर रूप से घायल है. जिसे ग्रामीणों के सहयोग से आनन फानन में इलाज के लिए सिमरिया रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे रिम्स रांची रेफर कर दिया.
दुर्घटना में अपनी जान गवाने वाले सोनू कुमार की एक माह पूर्व ही शादी हुई थी. उसकी मौत की खबर के बाद घर के साथ-साथ इलाके में कोहराम मच गया है. इधर घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची सिमरिया थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. वहीं दूसरी ओर लातेहार की बालूमाथ थाना पुलिस के सहयोग से घटना को अंजाम देकर भाग रहे बलेनो कार व उसके चालक को हिरासत में ले लिया है.

