गोड्डा (पथरगामा): पथरगामा प्रखंड में मतदान हेतु 105 बूथ बनाया गया है. जिसमें 10 बूथ अतिसंवेदनशील है और 39 बूथ संवेदनशील 56 बूथ सामान्य है. इन सभी बूथों पर शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने हेतु अर्धसैनिक बलों के नौ कंपनी का इंटर स्तरीय और डिग्री कॉलेज पथरगामा योगिनी स्थान स्थित विवाह भवन, तहसील कचहरी भवन, कोरका उच्च विद्यालय तथा स्वास्थ्य उपकेंद्र भलसुंधिया में आवासन कराया गया है.
विवाह भवन में महिला पुलिस बल को ठहराया गया है. उन लोगों का कहना है कि किसी भी जंगल और फाटक में गेट नहीं है. खुली जमीन पर सोना पड़ता है, जबकि सर्द हवा जोरों पर है. कोरका उच्च विद्यालय में जवानों ने शौचालय की कमी की बात कही.
पथरगामा की डिग्री तथा इंटर महाविद्यालय में पेयजल की कमी की बात जवानों ने कही. पेयजल के लिए सिर्फ दो ही चापाकल है. एक चापाकल से लाल पानी निकल रहा है.
भलसुंधिया स्वास्थ्य उपकेंद्र में रोशनी की कमी पाई गई. सभी अर्धसैनिक बल मंगलवार की संध्या तक शिफ्ट हो गए थे. अति संवेदनशील और संवेदनशील बूथों का बुकलेट देने पहुंचे चुनाव प्रभारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी राजू कमल को इन सभी समस्याओं की जानकारी मिली तो उन्होंने सभी व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त कराया.
जनजातीय कॉलेज में पानी टेंकर के द्वारा पानी की व्यवस्था करवा दी गई. कोरका में शौचालय की व्यवस्था कराई गई और सभी जगह रोशनी की व्यवस्था दुरुस्त करा दी गई.
कई जगहों पर वेपर लाइट की व्यवस्था भी कराई गई है. चिकित्सा कर्मियों को भेजकर सभी जवानों का स्वास्थ्य जांच करवाया गया. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ माधव झा ने अपने स्वास्थ्य कर्मियों के साथ सभी जवानों की विभिन्न जांच की.
रक्तचाप भी मापा गया. जरूरत के हिसाब से जवानों के बीच दवा का भी वितरण किया गया.

